‘गली बडी’ सीजन थ्री में 200 बच्चों ने दिखाया दमखम, 13 खिलाड़ी और तीन टीम बनी विजेता


गोरखपुर। समाज की मुख्य धारा से वंचित बच्चों को खेलों से जोड़ने की पहल के तहत शहर के सैय्यद मोदी रेलवे स्टेडियम में रविवार को ‘गली बडी’ सीजन थ्री का आयोजन हुआ। इस खेल स्पर्धा में गोरखपुर-बस्ती मंडल के विभिन्न जिलों के करीब 200 बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में करीब 13 खिलाड़ी और तीन टीम विजेता घोषित की गयीं। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार, सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ला, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट यूथ अड्डा के महाप्रबंधक अजय श्रीवास्तव, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री पुष्प दंत जैन, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ रामकुमार जायसवाल, उप निदेशक पंचायती राज हिमांशु शेखर और डॉयट प्राचार्य अभिषेक पांडेय सहित कई गणमान्य लोग इस खेल प्रतिस्पर्धा के साक्षी बने।

16 वर्षीय बालिका रेस प्रतियोगिता में संगम चौधरी, सुनैना, महिमा, जबकि बालक रेस प्रतियोगिता में अजय, राहुल और इन्द्रेश क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार पाकर विजयी रहे। अठारह वर्षीय बालिका रेस प्रतियोगिता में मार्था, रूथ, रोशनी, जबकि बालक रेस प्रतियोगिता में आनंद, सोनू और हरिकेश क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त कर विजेता बने। सोलह वर्षीय बालक कबड्डी प्रतियोगिता में घनश्याम यादव विजेता और कन्हैया यादव उप विजेता रहे। 18 वर्षीय बालक कबड्डी प्रतियोगिता में बेलवनवा की टीम ए विजेता, जबकि कोमरवा टीम बी उप विजेता रही। बालिका कबड्डी में करहिया जोगियाबारी की टीम विजेता, जबकि बरजी की टीम उप विजेता रही। बालिकाओं की खो-खो प्रतियोगिता में कप्तान मार्था करहिया की टीम विजेता, जबकि कप्तान आराधना फुलवरिया की टीम उप विजेता रही।

आयोजन के उद्घाटन अवसर पर अपने सम्बोधन में पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने कहा कि सभी बच्चों को खेलने का समान अधिकार देने की यह पहल नितांत सराहनीय है। ऐसे प्रयास देश में खेल संस्कृति के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार में प्रदेश में खेल संस्कृति का विकास हुआ है। इससे समाज के वंचित वर्ग को जोड़ने में ‘गली बडी’ जैसी खेल स्पर्धाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। अपने सम्बोधन में आयोजक संस्था सेफ सोसाइटी के निदेशक विश्व वैभव शर्मा ने कहा कि खेल स्पर्धाओं की यह श्रंखला वर्ष 2024 से शुरू हुई थी। इसमें बढ़ चढ़ कर योगदान देने वाले समाज के सभी वर्गों के लोग बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता बृजेश मणि मिश्र और संस्था के वरिष्ठ कार्यकारी शैलेन्द्र चतुर्वेदी सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोरमा दूबे ने किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना