गांव-गांव तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट , डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़ेंगे 20 लाख परिवार
लखनऊ, 9 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गांवों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड पहुंचाने और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खोलने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ‘प्रोजेक्ट गंगा’ का शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री ने इसे यूपी का नया ‘डिजिटल एक्सप्रेसवे’ बताया और कहा कि यह परियोजना डिजिटल शिक्षा, टेलीमेडिसिन, स्मार्ट कृषि और ई-गवर्नेंस को नया आधार देगी। प्रोजेक्ट गंगा के तहत प्रदेश में डिजिटल सेवा प्रदाताओं – डीएसपी – का नेटवर्क खड़ा किया जाएगा। इसके जरिए लगभग 20 लाख परिवारों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने, 8 से 10 हजार डिजिटल उद्यमी तैयार करने और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख से अधिक रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
पहले चरण में 21 जनपदों में इसे शुरू किया जा रहा है और बाद में 57 हजार ग्राम पंचायतों तथा करीब 8 हजार न्याय पंचायतों तक नेटवर्क ले जाने की योजना है। योगी ने कहा कि आज ब्रॉडबैंड बुनियादी जरूरत बन चुका है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह गंगोत्री से गंगासागर तक मां गंगा का प्रवाह अपने रास्ते के क्षेत्रों के विकास का आधार बनता है, उसी तरह ‘प्रोजेक्ट गंगा’ यूपी की डिजिटल समृद्धि का आधार बनेगा। यह पीएम मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन को जमीनी स्तर पर साकार करने की अहम पहल है। उन्होंने पिछले नौ वर्षों में ई-ऑफिस, डीबीटी, बीसी सखी, ग्राम सचिवालय जैसी तकनीक-आधारित पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे शासन और जनता की दूरी घटी है। प्रोजेक्ट गंगा इसी यात्रा का अगला चरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ कनेक्टिविटी देना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। ‘सीएम युवा’ योजना के तहत 5 लाख रुपये तक ब्याज-मुक्त ऋण की सुविधा दी जा रही है, जिसका लाभ प्रोजेक्ट गंगा के तहत चुने गए युवा डीएसपी भी उठा सकेंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि चयनित युवाओं को तकनीकी, प्रबंधकीय और व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वे अपने इलाकों में टिकाऊ डिजिटल उद्यम खड़ा कर सकें। हिंदुजा समूह की ब्रॉडबैंड इकाई वनओटी इंटरटेनमेंट लिमिटेड इस परियोजना में ‘नॉलेज पार्टनर’ और ‘इम्प्लीमेंटेशन एनैबलर’ की भूमिका निभाएगी।
समूह के ग्रुप प्रेसिडेंट सुनील कुमार चड्ढा ने कहा कि हिंदुजा समूह ‘नो प्रॉफिट, नो लॉस’ के सिद्धांत पर काम कर रहा है और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार लाभार्थियों में करीब 50 प्रतिशत महिलाएं शामिल होंगी।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और आईटी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने भी कहा कि यह पहल यूपी के डिजिटल भविष्य की मजबूत नींव रखेगी और गांव-गांव तक तकनीक का लाभ पहुंचाएगी।
स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट गंगा से ग्रामीण इलाकों में डिजिटल शिक्षा, टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन कौशल प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा, सार्वजनिक वाई-फाई और स्मार्ट कृषि जैसे अवसर खुलेंगे।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें