यूपी में बाढ़ से 37 जिले प्रभावित

लखनऊ, 11 अगस्त (वार्ता) पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश से उत्तर प्रदेश में करीब 37 जिले बाढ़ से प्रभावित हुये हैं।

राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 37 जिलों की 95 तहसीलें और 1,929 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में बाढ़ से छह लाख 95 हजार 362 लोग प्रभावित हैं, जिन्हें राहत सहायता प्रदान की गयी है। वहीं बाढ़ की वजह से 84 हजार 777 मवेशियों को सुरक्षा स्थान पर शिफ्ट किया गया है।
उन्होने बताया कि बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 574 लोगाें के मकानों को क्षति पहुंची है, जिनमें से 472 लोगों को सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। वहीं प्रदेश में 65 हजार 202 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में आया है। इन प्रभावित क्षेत्रों में दो हजार 622 नावों और मोटरबोट्स की सहायता से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। इन इलाकों में अब तक 86 हजार 455 खाद्यान्न पैकेट और आठ लाख 58 हजार 573 लंच पैकेट वितरित किये जा चुके हैं।
गोस्वामी ने बताया कि अब तक मवेशियों के लिए 12,382 कुंतल भूसा वितरित जा चुका है। इसके अलावा 6,20,704 क्लोरीन टेबलेट और 2,35,117 ओआरएस पैकेट भी वितरित किए जा चुके हैं ताकि जलजनित बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कुल 453 बाढ़ शरणालय सक्रिय हैं, जहां 65,844 लोग अस्थायी रूप से निवास कर रहे हैं। इन सभी का 1,193 मेडिकल टीमों द्वारा मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। इसके साथ ही 1,594 बाढ़ चौकियों की स्थापना की गई है, जो प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर निगरानी रख रही हैं।
बाढ़ से प्रभावित जिलों में अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी, बस्ती, कासगंज, हरदोई, मुरादाबाद, मुजफ्फनगर, शाहजहांपुर, भदोही, श्रावस्ती, उन्नाव, फर्रुखाबाद, मेरठ, हापुड़, गोरखपुर, गोंडा, बिजनौर, बदायूं, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाज़ीपुर, मीरजापुर, संतकबीर नगर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं। इन सभी जिलों में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना