भाजपा इस्तेमाली पार्टी है : अखिलेश यादव

लखनऊ 03 सितंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा इस्तेमाली पार्टी है। यह लोगों का इस्तेमाल करती है, फिर उन्हें बर्बाद कर देती है। भाजपा सरकार ने जीएसटी को जटिल बनाकर व्यापार और व्यापारियों को उलझा दिया है। व्यापार करना कठिन हो गया है। टैक्स की प्रक्रिया आसान होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों में भारी गड़बड़झाला है। भाजपा सरकार के एजेंडे में नौकरी रोजगार नहीं है। आउटसोर्स से बेरोजगारी का स्थायी हल नहीं होगा।

बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश से सामाजिक न्याय के राज की स्थापना और अन्याय को मिटाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना आवश्यक है। भाजपा सरकार में निर्दोषों को झूठे मुकदमें में फंसाया जाता है। संविधान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने शिक्षा, और स्वास्थ्य व्यवस्था बर्बाद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार का तीसरा कार्यकाल है लेकिन देश की जनता को परेशानी और तबाही के सिवा क्या मिला। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि नोटबंदी का परिणाम क्या रहा। प्रधानमंत्री के क्षेत्र में भी विकास क्यों नहीं हुआ। वाराणसी में आयी बाढ़ की भयावह स्थिति को सभी ने देखा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठे सपने दिखाकर लोगों को विनाश के कगार पर पहुंचा दिया।
भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता के हित में कोई काम नहीं किया। भाजपा ने नौ साल की सरकार में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया। बिजली का कोई कारखाना नहीं लगाया। भाजपा ने जनता का भरोसा खो दिया है। भाजपा पर किसी को भरोसा नहीं रह गया है। जनता को समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों पर भरोसा है। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में विकास के तमाम कार्य किए हैं। किसानों, नौजवानों समेत सभी वर्गो के हित में फैसले लिए। जनता समाजवादी पार्टी की तरफ उम्मीद भरी नज़रों से देख रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी। हर वर्ग को न्याय और सम्मान मिलेगा। सबका विकास होगा। प्रदेश में खुशहाली आयेगी। 2027 में भाजपा सरकार को कोई नहीं बचा पायेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना