उप्र में बनने वाले एकीकृत न्यायालय परिसर देश के लिये बनेंगे प्रेरणाश्रोत: मुख्य न्यायाधीश
चंदौली, 17 जनवरी (वार्ता) उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में बनने वाले एकीकृत न्यायालय परिसर देश में न्यायिक व्यवस्था के लिये प्रेरणाश्रोत साबित होंगे।
मुख्य न्यायाधीश ने यहां से छह जिलों चंदौली, महोबा, अमेठी, शामली, हाथरस एवं औरैया के एकीकृत न्यायालय परिसर का शुभारंभ करने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कृतज्ञता का इजहार करते हुये कहा “ मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद। आज की ऐतिहासिक यात्रा में शामिल हो सका। माननीय मुख्यमंत्री जी ने बताया कि यह क्षेत्र ऐतिहासिक धार्मिक मंदिरों के लिए प्रसिद्ध है। उसी इतिहास में उन्होंने आज एक नई कड़ी जोड़ी है, जब यहां न्यायिक मंदिरों की भी स्थापना की जा रही है।”उन्होंने कहा “ संवैधानिक सपने को साकार करने के लिए मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि छह इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स और अन्य चार जो बनने वाले हैं, इनके बनने से उत्तर प्रदेश पूरे भारत में एक उदाहरण बनेगा। ये इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स पूरे भारत के लिए एक बेंचमार्क बनेंगे।”
मुख्य न्यायाधीश ने कहा “ आपने देखा होगा कि इन इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स को देखकर ऐसा लगता है कि अगले पचास वर्षों या उससे अधिक समय तक जो आवश्यकताएं होंगी, उन्हें वे पूर्ण रूप से पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हर प्रकार की सुविधा से लैस ये न्यायिक कोर्ट कॉम्प्लेक्स वकीलों के लिए तथा न्याय के उपभोक्ता यानी आम आदमी के लिए, जो न्याय के अधिकार के लिए अदालत में आते हैं, बहुत ही सराहनीय सुविधाएं प्रदान करते हैं। मैं सरकार और उच्च न्यायालय को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।”
उन्होंने कहा “ भारत के संविधान में जिला न्यायपालिका को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। सभी का अपना हाईकोर्ट होगा। सुप्रीम कोर्ट से भी अधिक मौलिक अधिकारों को लागू करने की क्षमता होगी। संविधान निर्माताओं का इसके पीछे यही कारण था कि जिला न्यायपालिका स्थापित होगी तो न्याय के सपने को भारत में पूरा किया जा सकेगा। लोगों को अपने क्षेत्र में नजदीक में ही अदालत की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा “ वाराणसी के बारे में भी हमारे न्यायमूर्ति ने उल्लेख किया। हम लोग तो चाहते हैं कि हर जनपद में कोर्ट कॉम्प्लेक्स बने। प्रदेश सरकार की ओर से मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि पैसों की कमी नहीं है और होने भी नहीं दी जाएगी। इच्छाशक्ति की कमी जरूर दिखती है।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें