शिव शक्ति मंदिर का वार्षिक उत्सव संपन्न, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर 108 पार्थिव शिवलिंगों का भव्य महारुद्राभिषेक
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रियंका सिंह, अर्पिता राव, सुनिधि सिंह, कुणाल तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला बताया।
आचार्यों के अनुसार महाशिवरात्रि वह पावन रात्रि है, जब भगवान शिव लिंग रूप में प्रकट हुए थे और यही रात्रि शिव-शक्ति के महासंयोग का प्रतीक मानी जाती है। इस रात्रि में चार प्रहरों में की गई शिव आराधना से प्रथम प्रहर में पापों का क्षय, द्वितीय प्रहर में आयु, बल व स्वास्थ्य की प्राप्ति, तृतीय प्रहर में धन-वैभव एवं कार्य सिद्धि तथा चतुर्थ प्रहर में मोक्ष और आत्मिक शांति का वरदान मिलता है।
आयोजकों ने बताया कि पार्थिव शिवलिंग की पूजा विशेष रूप से मनोकामना सिद्धि, कर्म बंधनों से मुक्ति और जीवन में सुख-शांति की स्थापना के लिए अत्यंत फलदायी मानी गई है। इच्छुक श्रद्धालु यजमान के रूप में रुद्राभिषेक में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकते हैं।
महाशिवरात्रि का यह आयोजन न केवल धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि समाज को आध्यात्मिकता, साधना और सनातन संस्कृति से जोड़ने का एक महत्त्वपूर्ण प्रयास भी है।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें