समाजवादी पार्टी की सरकार 2027 में बनेगी : शिवपाल

इटावा, 22 फरवरी (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार से तंग आ चुकी जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनवाने को तैयार बैठी है।

श्री यादव अपने निर्वाचन क्षेत्र जसवंतनगर में आयोजित एक शोकसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान है। बेरोजगारी चरम पर है, किसान और व्यापारी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं तथा भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार “फूट डालो और राज करो” की नीति पर काम कर रही है।
उन्होंने राज्य सरकार के हालिया बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि आंकड़ों के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अब सच्चाई सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में सभी को एकजुट होकर भाजपा की विदाई सुनिश्चित करनी होगी।
श्री यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारी में जुटने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं, उनकी समस्याएं सुनें और पूर्ववर्ती सपा सरकार की योजनाओं एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार आंतरिक मतभेदों और अस्थिरता से जूझ रही है तथा मंत्रियों के बीच आपसी टकराव की स्थिति बनी हुई है। इस अवसर पर स्थानीय पार्टी नेता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना