नफरत फैलाने वालों के खिलाफ साहस से खड़ा होना भी देशभक्ति है : राहुल
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि नफरत फैलाने वालों से डरने की बजाय सद्भाव का माहौल कायम रखते हुए साहस दिखाकर देशभक्ति का परिचय देना चाहिए।श्री गांधी ने दो दिन पूर्व उनसे मिले उत्तराखंड के कोटद्वार के 'मोहम्मद दीपक' के साथ खींचे फोटो को शेयर करते हुए कहा कि सद्भाव तथा मोहब्बत की विचारधारा असंख्य देशवासियों में है लेकिन मन में भय होता है और दीपक जैसे युवा उन्हें साहस की राह दिखाते हैं। उनका कहना था कि समाज में जो नफरत फैलाते हैं उनसे डरना नहीं चाहिए बल्कि साहस से खड़ा होने की जरूरत है। यही सबसे बड़ी देशभक्ति है।
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर बुधवार को लिखा "करोड़ों भारतीयों के दिलों में सद्भाव और मोहब्बत की विचारधारा है, मगर मन में भय भी है-दीपक ने उन सभी को अपने साहस से राह दिखाई है। जो लोग नफ़रत फैलाकर समाज को डराने की कोशिश करते हैं, वो दरअसल कायर होते हैं - उनसे कभी भी डरो मत।"
श्री गांधी ने दीपक के साहस की एक बार फिर सराहना की और कहा "दीपक ने हमारे तिरंगे और संविधान की रक्षा की है। नफ़रत के सामने डटकर खड़ा हुआ, कमज़ोर की हिफ़ाज़त की-इससे बड़ी देशभक्ति नहीं होती।"
उत्तराखंड का यह दीपक तब चर्चा में आया था जब उसने एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान के नाम से 'बाबा' शब्द हटाने को लेकर हिंदू संगठनों के प्रदर्शन का विरोध किया था। दीपक से उसका नाम पूछा गया तो उसने खुद का नाम 'मोहम्मद दीपक' बताया था। घटना की चर्चा होने के बाद श्री गांधी ने फोन करके दीपक को मिलने के लिए 10 जनपथ बुलाया था।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें