सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक साइकिल डिलीवरी के लिए आईआईटी कानपुर को गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में संयुक्त मान्यता

कानपुर, 5 फरवरी (वार्ता) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर का नाम सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक साइकिल डिलीवरी के लिए गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में संयुक्त रूप से दर्ज किया गया है।
यह उपलब्धि ई-साइकिल कार्यक्रम के तहत ईमोटोरैड, कुप्पम क्षेत्र विकास प्राधिकरण, चित्तूर जिला कलेक्टरेट और आंध्र प्रदेश सरकार के सहयोग से हासिल हुई। रिकॉर्ड स्थापित करने वाला वितरण कार्यक्रम गत सप्ताह कुप्पम में आयोजित किया गया, जहां आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आधिकारिक गिनीज़ प्रमाणपत्र प्रदान किया।
इस पहल का उद्देश्य कुप्पम विधानसभा क्षेत्र में सतत और कम-कार्बन परिवहन को बढ़ावा देना था। आईआईटी कानपुर ने ‘कुप्पम नेट ज़ीरो विधानसभा क्षेत्र’ परियोजना के तहत तकनीकी भागीदार के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्थान के पूर्व छात्र हरि शंकर और आईएएस अधिकारी विकास मरमत ने कार्यक्रम के समन्वय और क्रियान्वयन में अहम योगदान दिया, जबकि परियोजना का प्रतिनिधित्व प्रो. मनोज के. तिवारी और प्रो. राजीव जिंदल ने किया।
आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणिंद्र अग्रवाल ने इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सतत विकास, स्वच्छ परिवहन और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी साझेदारों और टीम सदस्यों को बधाई दी। प्रो. तिवारी और प्रो. जिंदल ने भी इसे सार्वजनिक-निजी सहयोग और सततता-आधारित नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना