पांचवे चरण (ए) की स्वीकृति के बाद मजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा कॉरिडोर हो जाएगा

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (वार्ता) हाल ही में स्वीकृत पांचवे चरण (ए) विस्तार के बाद मजेंटा लाइन (लाइन-8) दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे लंबा कॉरिडोर बन जाएगा, जो बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक लगभग 89 किलोमीटर लंबा होगा।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के अनुसार, पांचवे चरण (ए) के तहत लाइन-8 का रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ (सेंट्रल विस्टा के रास्ते) तक विस्तार और चौथे चरण के तहत इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर से जूडे होने से राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में संपर्क में काफी बढ़ोतरी हो जाएगी।
पूरी तरह से चालू होने के बाद, पूरा बॉटनिकल गार्डन-इंद्रलोक खंड एक चालक रहित मेट्रो कॉरिडोर के रूप में कार्य करेगा।
इस विस्तारित लाइन में कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें से 40 भूमिगत होंगे। इस प्रकार यह दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे व्यापक भूमिगत कॉरिडोर होगा।
निर्माण पूरा होने पर, मजेंटा लाइन में 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे, जो दिल्ली मेट्रो प्रणाली में सबसे अधिक हैं। यह अन्य कॉरिडोर के साथ निर्बाध एकीकरण की सुविधा प्रदान करेगा।
वर्तमान में, इस परिचालन खंड में चार इंटरचेंज स्टेशन हैं- कालकाजी मंदिर, बॉटनिकल गार्डन, जनकपुरी पश्चिम और हौज खास।
चौथे चरण और पांचवे चरण (ए) के तहत 17 अतिरिक्त इंटरचेंज स्टेशन जोड़े जाएंगे, जिनमें कालिंदी कुंज, चिराग दिल्ली, टर्मिनल-1 आईजीआई एयरपोर्ट, पीरागढ़ी, पीतमपुरा (मधुबन चौक), हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, आजादपुर, पुलबंगश, नबी करीम, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, केंद्रीय सचिवालय, इंद्रप्रस्थ, दिल्ली गेट, नई दिल्ली और इंद्रलोक शामिल हैं।
इनमें से केंद्रीय सचिवालय, आजादपुर, नयी दिल्ली और इंद्रलोक ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशनों के रूप में काम करेंगे।
डीएमआरसी अधिकारियों ने कहा कि व्यापक इंटरचेंज सुविधाओं से यात्रा के समय में काफी कमी आने, प्रमुख कॉरिडोर में भीड़ कम होने और पूरे शहर में निर्बाध संपर्क प्रदान करने की उम्मीद है।
मजेंटा लाइन में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के दो महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग मील के पत्थर भी शामिल हैं। इस कॉरिडोर पर स्थित हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशन मेट्रो प्रणाली का सबसे ऊंचा एलिवेटेड स्टेशन है, जिसकी रेल स्तर की ऊंचाई लगभग 28.362 मीटर है। वहीं, हौज खास लगभग 29 मीटर की गहराई के साथ नेटवर्क का सबसे गहरा भूमिगत मेट्रो स्टेशन है।
अधिकारियों ने कहा कि ये उपलब्धियां इस कॉरिडोर के जटिल इंजीनियरिंग डिजाइन और तकनीकी उत्कृष्टता को रेखांकित करती हैं, जो मजेंटा लाइन को दिल्ली मेट्रो के विस्तारित नेटवर्क की एक प्रमुख रीढ़ के रूप में स्थापित करती हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना