अबू धाबी के शहजादे से मिले मोदी, सामरिक साझेदारी और द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा


अबू धाबी के शहजादे से मिले मोदी, सामरिक साझेदारी और द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा

नयी दिल्ली 19 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यहां अबू धाबी के शहजादे शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की और भारत–संयुक्त अरब अमीरात व्यापक सामरिक साझेदारी पर चर्चा की। शहजादे अल नाहयान ए आई सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिन की भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात इस सम्मेलन के अवसर पर हुई। शहजादे की सितम्बर 2024 के बाद भारत की यह दूसरी यात्रा है।


प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत–संयुक्त अरब अमीरात व्यापक सामरिक साझेदारी के महत्व की पुष्टि की जो सुदृढ़ राजनीतिक, सांस्कृतिक, वाणिज्यिक, ऊर्जा तथा लोगों के बीच संबंधों पर आधारित है। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान तथा अबू धाबी और दुबई के शाही परिवारों के अन्य सदस्यों की हाल की सफल भारत यात्राओं को भी स्मरण किया।


 दोनों नेताओं ने रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, शिक्षा तथा सांस्कृतिक सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों में हुई उल्लेखनीय प्रगति पर बात की। उन्होंने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते चार वर्ष पूरे होने का उल्लेख किया जिसके दौरान द्विपक्षीय व्यापार और निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय निवेश की सराहना की तथा संयुक्त अरब अमीरात के सार्वभौमिक संपत्ति कोषों को भारतीय अर्थव्यवस्था में निवेश जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। इस संदर्भ में उन्होंने 'लिमाद' को नवीनतम सार्वभौमिक कोष के रूप में साझेदारी को सुदृढ़ करने की क्षमता वाला बताया। नेताओं ने अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।


 दोनों नेताओं ने पारंपरिक और नवीन दोनों क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए नयी पहलों का स्वागत किया। इनमें दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन के तहत पेशेवर आदान-प्रदान, संस्थागत सहयोग, अनुसंधान, डिजिटल स्वास्थ्य, औषधि क्षेत्र तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक प्रौद्योगिकियों के विकास में संयुक्त प्रयासों को बढ़ावा दिया जायेगा।


 इसके अलावा उन्नत संगणन विकास केंद्र, जी42 तथा मोहम्मद बिन जायद कृत्रिम बुद्धिमत्ता विश्वविद्यालय के बीच भारत में सुपरकंप्यूटर क्लस्टर की स्थापना के लिए शर्तपत्र को अंतिम रूप दिया गया है। यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद की गत जनवरी की भारत यात्रा के दौरान संयुक्त रूप से घोषित सुपरकंप्यूटर क्लस्टर की स्थापना के कार्यान्वयन की शुरुआत है। यह सुपरकंप्यूटर क्लस्टर एआई इंडिया मिशन का हिस्सा होगा और शोध, अनुप्रयोग विकास तथा वाणिज्यिक उपयोग के लिए सार्वजनिक एवं निजी दोनों क्षेत्रों के लिए उपलब्ध रहेगा।


 इसके अलावा इन पहलों में गुजरात की 'गिफ्ट सिटी' में अबू धाबी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी का कार्यालय स्थापित करना।


 शेख अल नाहयान ने एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन की सफलता पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने अगला एआई शिखर सम्मेलन आयोजित करने की स्विट्जरलैंड की पहल का स्वागत किया जिसके बाद यह सम्मेलन संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किया जाएगा।


 इस यात्रा ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच नियमित उच्च-स्तरीय नेतृत्व संवाद की परंपरा की पुनः पुष्टि की। साथ ही इसने भारत–संयुक्त अरब अमीरात प्रौद्योगिकी साझेदारी के प्रति उच्च-स्तरीय राजनीतिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उन्नत प्रौद्योगिकियों को द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख स्तंभों में से एक के रूप में स्थापित किया गया।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना