मोदी और तोबगे ने विकास साझेदारी को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहरायी

नयी दिल्ली 18 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने बुधवार को यहां विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करते हुए विकास साझेदारी को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहरायी। श्री तोबगे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए यहां आये हुए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष नवंबर में प्रधानमंत्री मोदी की भूटान यात्रा के सफल परिणामों के आधार पर विभिन्न सहयोग क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री तोबगे ने भूटान की 13वीं पंचवर्षीय योजना तथा गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी परियोजना के लिए भारत के समर्थन पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने ऊर्जा, कनेक्टिविटी और विकास साझेदारी जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
विकास और समृद्धि के लिए नई प्रौद्योगिकियों के उपयोग पर दोनों देशों द्वारा दिए जा रहे विशेष महत्व के अनुरूप दोनों प्रधानमंत्रियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुभव और विशेषज्ञता के पारस्परिक आदान-प्रदान तथा एआई समाधान के संयुक्त विकास के माध्यम से सहयोग सुदृढ़ करने पर सहमति व्यक्त की।
भारत और भूटान के बीच मित्रता और सहयोग के अद्वितीय संबंध हैं, जो आपसी विश्वास, सद्भावना और समझ पर आधारित हैं। भूटान के प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा के अनुरूप है।
बाद में श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा , " प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे के साथ बैठक अत्यंत उत्कृष्ट रही। हमने इस बात पर चर्चा की कि हम एआई की शक्ति का उपयोग वैश्विक कल्याण के लिए और सतत विकास के सिद्धांतों के अनुरूप कैसे कर सकते हैं।
आपसी विश्वास, सद्भावना और हमारे लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों पर आधारित भारत-भूटान की स्थायी मित्रता हमारी साझेदारी को नए और परिवर्तनकारी क्षेत्रों की ओर निरंतर मार्गदर्शित करती रहेगी।"

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना