एस्टोनिया, स्लोवाक और सर्बिया के राष्ट्रपति मिले राष्ट्रपति मुर्मु से

नयी दिल्ली 19 फरवरी (वार्ता) कृत्रिम बुद्धिमत्ता सम्मेलन में हिस्सा लेने आये एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार करिस , स्लोवाक के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्ज़ांडर वुचिच ने बुधवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि श्रीमती मुर्मु ने श्री करिस का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और एस्टोनिया के बीच गर्मजोशीपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान तथा नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था के प्रति समान प्रतिबद्धता पर आधारित हैं।

उन्होंने कहा कि एस्टोनिया ने डिजिटल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में एस्टोनिया की भागीदारी, विशेषकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता और शिक्षा में उसकी अग्रणी भूमिका को देखते हुए शिखर सम्मेलन के लिए अत्यंत मूल्यवान है।
श्रीमती मुर्मु ने श्री पेलेग्रिनी का स्वागत करते हुए अपनी पिछली वर्ष स्लोवाक यात्रा की यादें साझा कीं और उन्हें सादर स्वागत एवं आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया। राष्ट्रपति ने स्लोवाक के राष्ट्रपति की शिखर सम्मेलन में भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह भारत और विश्व के लिए एक निर्णायक क्षण है। यह "जनता, ग्रह और प्रगति" के सिद्धांतों पर आधारित है और भविष्य की परिकल्पना करता है, जहाँ कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानवता को उन्नत करे और समावेशी विकास को बढ़ावा दे।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत "सार्वजनिक भलाई के लिए प्रौद्योगिकी" के सिद्धांत पर काम कर रहा है और इसी दिशा में इस शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें एआई को सभी के लिए सुलभ और लाभकारी बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने जोर दिया कि एआई और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत–स्लोवाकिया सहयोग विश्व के लिए बहुत कुछ प्रदान कर सकता है।
श्रीमती मुर्मु ने श्री वुचिच का स्वागत करते हुए जून 2023 में सर्बिया की अपनी यात्रा को स्नेहपूर्वक याद किया। उन्होंने उस दौरान उन्हें और सर्बिया सरकार को प्रदत्त सादर आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया।
राष्ट्रपति ने कहा कि ग्लोबल साउथ के साझेदार के रूप में भारत और सर्बिया का विशेष संबंध है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की ग्लोबल साउथ में महत्वपूर्ण भूमिका है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना