जनहित से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता के साथ यथोचित निर्णय लेते हुए समय से निस्तारित करने का निर्देश दिया: स्वतंत्र देव सिंह
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय व सहयोग के साथ जनहित से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता के साथ यथोचित निर्णय लेते हुए समय से निस्तारित करने का निर्देश दिया |
श्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बुधवार को सर्किट हाउस के सभागार में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक मे जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय व सहयोग के साथ जनहित से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता के साथ यथोचित निर्णय लेते हुए समय से निस्तारित करने के लिए कहा है।
उन्होंने ने जिलाधिकारी, अपर पुलिस आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के द्वारा बैठक में संज्ञान में लाए गए विषयों पर तत्काल कार्यवाही किए जाने तथा कृतकार्यवाही से जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराये जाने के लिए कहा है। प्रभारी मंत्री ने जमीनों पर बलपूर्वक कब्जा करने वाले गैंगो को चिन्हित करने एवं उनपर गुण्डा एक्ट के तहत कार्यवाही करने एवं अवैध कब्जे पर रोक लगाये जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के लिए कहा है। उन्होंने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हटाये जाने हेतु चलाये गये अभियान की जानकारी लेते हुए सभी सरकारी भूमियों से अवैध कब्जों को हटाये जाने तथा चिन्हित भू-माफियाओं के अतिरिक्त और भी भूमाफियाओं को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।
श्री सिंह ने जिलाधिकारी से केंद्र व प्रदेश सरकार के द्वारा चलायी जा रही लाभार्थीपरक योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराये जाने के लिए कहा, जिससे योजनाओं की पात्रता की श्रेणी वाले लोग योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठा सके। उन्होंने विकास कार्य जो रुके हुए है या प्रगति धीमी है, उनकी समीक्षा करते हुए अवशेष कार्यो को शीघ्रता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने किसानों से सम्बंधित समस्याओं को प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए है।
प्रभारी मंत्री ने वित्त वर्ष 2025-26 की समाप्ति तिथि नजदीक होने के दृष्टिगत सभी विभागों को विभागीय कार्य हेतु आवंटित धनराशि को निर्धारित मदों में गुणवत्ता के साथ कार्य करते हुए समय व्यय किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने बैठक में महापौर से शहर की साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था कराने के लिए कहा है। उन्होंने जाम की समस्या से निपटने के लिए फूलप्रूफ ट्रैफिक प्लान बनाये जाने के लिए कहा है। उन्होंने चिकित्सालयों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित कराये जाने तथा विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए है।
इस अवसर पर महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक शहर उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधान परिषद सदस्य के0पी0 श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला सहित जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ0 अजय पाल शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिता सिंह, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव अजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त दीपेन्द्र यादव सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें