काशी में मंदिर तोड़े गए, आस्था का अपमान हुआ: अखिलेश

लखनऊ, 17 फरवरी (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने काशी में मणिकर्णिका घाट के साथ ही राजमाता अहिल्याबाई की मूर्ति को तुड़वाया है, जिससे सनातन समाज और पाल समाज में नाराजगी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि काशी में करीब सौ मंदिरों को भी तोड़ा गया और नेपाल नरेश द्वारा दान किया गया घंटा भी गायब हो गया है। उन्होंने इन घटनाओं को आस्था से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
शंकराचार्य से जुड़े मुद्दे पर मुख्यमंत्री के बयान का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान वाराणसी में हुई घटना गलत परिस्थितियों और भाजपा के विरोध के कारण हुई थी। उन्होंने कहा कि उस समय स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शंकराचार्य नहीं थे, लेकिन बाद में सपा सरकार ने शंकराचार्य से क्षमा मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने शंकराचार्य को गंगा स्नान से रोका और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता और सनातन समाज इन मुद्दों को लेकर सरकार से नाराज है और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर समाज में विवाद और तनाव पैदा करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के सम्मान और धार्मिक आस्थाओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना