असम में ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे बनेगी ट्वीन ट्यूब सुरंग, एक में सड़क और दूसरी में होगी रेलवे लाइन
नयी दिल्ली, 14 फरवरी (वार्ता) असम में ब्रह्मपुत्र नदी से नीचे दो ट्यूब वाली सुरंग बनेगी जिसके एक ट्यूब से सड़क और दूसरी से रेलवे लाइन गुजरेगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल के आर्थिक मामलों की समिति की बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी गयी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि यह सुरंग असम में राष्ट्रीय राजमार्ग 715 पर नुमालीगढ़ और राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर गोहपुर को जोड़ेगी। परियोजना की कुल लंबाई 33.77 किमी और ट्वीन ट्यूब सुरंग की लंबाई 15.79 किमी होगी। इसकी अनुमानित लागत 18,662 करोड़ रुपये है और इसे पांच साल में पूरा किया जाना है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से गोहपुर और नुमालीगढ़ के बीच 240 किमी की सड़क मार्ग की दूरी घटकर 34 किमी रह जायेगी। अभी इस यात्रा में करीब छह घंटे का समय लगता है। सुरंग के भीतर एक ट्यूब में दो लेन की सड़क और दूसरे ट्यूब में दोहरी लाइन वाला रेलवे ट्रैक होगा।
परियोजना के तहत रेलवे ट्रैक गोहपुर की तरफ रंगिया-मुरकंगसेलेक सेक्शन को नुमालीगढ़ की तरफ फुर्केटिंग-मरियानी लूप लाइन सेक्शन से जोड़ेगा।
यह देश में पहली और दुनिया में दूसरी ऐसी सुरंग होगी जिसमें सड़क और रेलमार्ग दोनों एक साथ गुजरेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें