योगी देवरिया में भाजपा को जिताने की करेंगे अपील

 देवरिया, 27 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवरिया जिले के भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में 28 नवम्बर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिये जनता से जीत की अपील करेंगे।

जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने शनिवार को बताया कि भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के बहियारी बघेल में रघुराज सिंह इंटरमीडिएट कालेज परिसर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय है जिसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। देवरिया जिले की बिहार राज्य सीमा से लगे भाटपाररानी विधानसभा सीट पर आज तक भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) फतह हासिल नहीं कर सकी है। इस सीट पर अभी तक समाजवादी पार्टी का दबदबा रहा है।


राजनैतिक जानकारों के अनुसार राममंदिर लहर और मोदी लहर में भी यहां से भाजपा उम्मीदवार विजय प्राप्त नहीं कर सके थे जो भाजपा के लिए चिंता का विषय है। संत विनोबा महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष तथा एक न्यूज एजेंसी के वरिष्ठ पत्रकार रहे सदानंद दुबे का मानना है कि बिहार राज्य सीमा से लगे भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का मिजाज कुछ अलग है। यहां के मतदाताओं ने सत्तारूढ़ पार्टी और किसी भी लहर को भी खास महत्व नहीं दिया है। इसी का परिणाम रहा है कि इंदिरा हत्याकांड से उपजी सहानुभूति के बाद भी 1985 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय कामेश्वर उपाध्याय ने कांग्रेस उम्मीदवार को करारी शिकस्त दी थी जबकि 1991 में राम मंदिर आंदोलन और 2017 में मोदी लहर में भी भाजपा उम्मीदवार यहां सपा से चुनाव हार गये। आजादी के बाद से अब तक इस सीट पर 18 बार हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे देखें तो चार बार सपा से हरिवंश सहाय और सात बार से पूर्व मंत्री कामेश्वर उपाध्याय एवं उनके परिजनों का कब्जा है।

रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां अपने चुनावी रैली के माध्यम से भाटपाररानी विधानसभा से अभीतक भाजपा के सूखे को हरियाली में भरने के लिए हुंकार भरेंगे।जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री की कल की सभा के माध्यम से देवरिया जिले के सातों विधानसभा में भाजपा के उम्मीदवारों के लिये एक आधार देने का प्रयास कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के कल की सभा के लिये सूबे के कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही भी रैली की तैयारी की देखरेख करते नजर आ रहे हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

खुशहाली की राहें

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना