डीआरडीओ और नौसेना ने एयर ड्रॉपेबल कंटेनर 'एडीसी-150' के सफल परीक्षण किये


नयी दिल्ली 10 मार्च (वार्ता) रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और नौसेना ने स्वदेशी एयर ड्रॉपेबल कंटेनर 'एडीसी-150' के संयुक्त रूप से चार सफल 'इन-फ्लाइट रिलीज़' परीक्षण किए हैं। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि ये परीक्षण 21 फरवरी से 1 मार्च के बीच गोवा के तट से दूर पी 8 आई विमान से विभिन्न अत्यधिक 'रिलीज़' परिस्थितियों में किए गए।

कुल 150 किलोग्राम पेलोड पहुंचाने के लिए स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और विकसित किया गया यह एयर ड्रॉपेबल कंटेनर समुद्र के गहरे हिस्सों में तट से दूर तैनात नौसैनिक जहाजों तक आपात स्थिति में आवश्यक सामग्री तथा उपकरण, चिकित्सा सहायता आदि तुरंत पहुँचाने के लिए नौसेना की परिचालन लॉजिस्टिक क्षमता को मजबूत बनाता है।
नौसेना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, विशाखापत्तनम इस गतिविधि के लिए नोडल प्रयोगशाला है। एरियल डिलीवरी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान, आगरा ने पैराशूट प्रणाली विकसित की है और सैन्य वायु योग्यता एवं प्रमाणन केंद्र, बेंगलुरु ने उड़ान अनुमति और प्रमाणन प्रदान किया। रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला, हैदराबाद ने परीक्षणों के लिए उपकरण संबंधी सहायता प्रदान की।
नौसेना की आवश्यकता को पूरा करने के लिए पी 8 आई विमान के लिए एडीसी-150 प्रणाली को कम समय में विकसित और योग्य बनाया गया। सभी विकासात्मक उड़ान परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं और उम्मीद है कि इस प्रणाली को जल्द ही भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना