सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित, अनुज अग्निहोत्री बने टॉपर
नयी दिल्ली, 06 मार्च (वार्ता) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा (सीईसी) 2025 का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया।इस वर्ष विभिन्न अखिल भारतीय और केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए कुल 958 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है जिनमें 659 पुरुष और 299 महिलाएं शामिल हैं।
यूपीएससी के अनुसार सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 9,37,876 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,76,793 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। इसके बाद अगस्त 2025 में आयोजित लिखित (मुख्य) परीक्षा में बैठने के लिए 14,161 उम्मीदवारों ने योग्यता प्राप्त की। मुख्य परीक्षा के बाद 2,736 उम्मीदवारों को व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के लिए बुलाया गया था। अंतिम परिणाम के आधार पर विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए कुल 958 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई है।
इस वर्ष की परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने चिकित्सा विज्ञान को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर परीक्षा उत्तीर्ण की। अग्निहोत्री ने एम्स, जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है।
आयोग के अनुसार दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम रहीं जिन्होंने अन्ना विश्वविद्यालय, चेन्नई से इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीई किया है और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना। तीसरा स्थान अकांश ढुल को मिला, जो दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम स्नातक हैं और उन्होंने वाणिज्य एवं लेखांकन को वैकल्पिक विषय के रूप में लिया था। चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला रहे, जिन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) में स्नातक किया है और अर्थशास्त्र को ही वैकल्पिक विषय चुना। पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर रहे, जिन्होंने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, दिल्ली से बीए एलएलबी (ऑनर्स) किया है और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में लिया।
उन्होंने कहा कि शीर्ष पांच सफल उम्मीदवारों में एक महिला और चार पुरुष शामिल हैं। वहीं शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 11 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं।
आयोग के अनुसार शीर्ष 25 उम्मीदवारों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे आईआईटी, एनएलयू, एम्स, डीटीयू, अन्ना विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय और मुंबई विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग, मानविकी, विज्ञान, वाणिज्य, कानून, चिकित्सा विज्ञान और जनसंचार जैसे विषयों में स्नातक स्तर की रही है। इन उम्मीदवारों ने मुख्य परीक्षा में मानव विज्ञान, वाणिज्य एवं लेखांकन, रसायन विज्ञान, अर्थशास्त्र, विद्युत अभियांत्रिकी, इतिहास, गणित, चिकित्सा विज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, लोक प्रशासन और समाजशास्त्र जैसे विषयों को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें