वृहद रोजगार मेला-2026’ का शुभारंभ, 15 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
लखनऊ 18 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को ‘वृहद रोजगार मेला-2026’ का उद्घाटन किया। इस रोजगार मेले के माध्यम से हजारों युवाओं को नौकरी के अवसर मिलने की उम्मीद है।मेले में 15,000 से अधिक रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसमें करीब 2,500 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है। डिजिटल पंजीकरण के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था लागू की गई, जिससे प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाया गया।
इस दौरान श्री अग्रवाल ने कौशल विकास को आधुनिक बनाने के लिए तीन डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘कौशल दृष्टि’, ‘कौशल दर्पण’ और ‘कौशल दोस्त’ लॉन्च किया। उन्होंने युवाओं को कौशल, आत्मविश्वास और प्रभावी संवाद क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सलाह दी कि युवा अपने करियर को लेकर धैर्य रखें और बेहतर अवसर के बिना नौकरी छोड़ने से बचें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला उद्यमी बनाना है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार रोबोटिक्स, ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमता, 3डी प्रिंटिंग, सोलर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दे रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें