वार्षिक संदर्भ पुस्तक 'भारत 2026' का संस्करण जारी
नयी दिल्ली, 12 मार्च (वार्ता) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग ने अपनी प्रतिष्ठित वार्षिक संदर्भ पुस्तक 'भारत 2026' का संस्करण अंग्रेज़ी और हिंदी दोनों भाषाओं में जारी कर दिया। पुस्तक का विमोचन प्रकाशन विभाग के प्रधान महानिदेशक भूपेंद्र कैन्थोला ने किया।इस वर्ष का संस्करण डिजाइन और प्रस्तुति के लिहाज से बेहद खास है। अलग-अलग अध्यायों को अलग रंगों के साथ प्रस्तुत किया गया है, जिससे इसे पढ़ना और समझना अधिक आसान हो गया है। पुस्तक में रंगीन फोटो, सारणी (इंग्राफिक्स) और नवीनतम व प्रमाणिक आंकड़े भी शामिल किये गये हैं। पुस्तक की कीमत पिछले वर्ष जितनी रखी गयी है ताकि यह अधिक से अधिक पाठकों तक यह पहुंच सके।
इस मौके पर भूपेंद्र कैन्थोला ने पुस्तक के संपादन, निर्माण और डिजाइन से जुड़ी पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक के लिए सामग्री एकत्र करना और उसे संपादित कर सटीक जानकारी के रूप में प्रस्तुत करना एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि यह संदर्भ पुस्तक भारत सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह पुस्तक न केवल युवा पाठकों और शोधकर्ताओं के बीच लोकप्रिय है, बल्कि भारत के बारे में प्रमाणिक जानकारी पाने के लिए विदेशी पाठक भी इसे पढ़ते हैं।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक हामिद हुसैन, मुख्य संपादक कुलश्रेष्ठ कमल, बिज़नेस मैनेजर (प्रभारी) इस्मीत कौर, हिंदी संस्करण की संपादक सीमा रानी सहित संपादकीय और प्रोडक्शन टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें