सैफई से ही शुरू होगा सरकार बनाने का रास्ता, अखिलेश का 2027 का एलान
इटावा, 04 मार्च (वार्ता) होली महोत्सव के मंच से उत्तर प्रदेश के सैफई एक बार फिर प्रदेश की सियासत का केंद्र बन गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को यह एलान किया कि सरकार बनाने का रास्ता सैफई से ही शुरू होगा और वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव की औपचारिक राजनीतिक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।श्री यादव ने आज कहा कि सैफई की धरती ने हमेशा समाजवादी आंदोलन को दिशा दी है और यही से बदलाव की लहर उठेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करना होगा।
कार्यक्रम में मौजूद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने साफ कहा कि सपाइयों का अनुशासन में रहना बेहद जरूरी है। बिना अनुशासन के कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उनके इस बयान को संगठन के भीतर एक स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बहाने अमेरिका की भूमिका पर टिप्पणी की। साथ ही केंद्र सरकार की विदेश नीति और व्यापारिक करारों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौतों के नाम पर आलू किसानों समेत अन्य वर्गों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विदाई से पहले विदेश दौरे कर व्यापारिक करार किए जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता को उसका लाभ नहीं मिल रहा।
समारोह में श्री यादव ने कहा कि सैफई की अगली होली और भी बेहतर और भव्य होगी। होली महोत्सव के बहाने सैफई से दिया गया यह राजनीतिक संदेश अब प्रदेश की सियासत में नई चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने कहा कि होली के त्यौहार पर हम सब को मुलाकात हो रही है हम सब जानते है,भारत के त्यौहार हमें अच्छाई का रास्ता दिखाते है। अच्छाई और अन्याय के खिलाफ जो हुआ है उसको याद करके एक दूसरे को बधाई दे। हम सब लोग त्योहार के लिये एकत्रित हुये हैं हम दिखे रहे है कि दुनिया में क्या चल रहा है। कहीं मिसाइल चल रही है कई बम चल रहे है। युद्ध चलते जा रहे है और एक दूसरे की जान ले रहे है। कई देश एक दूसरे की सीमाओं में घुस रहे है। ताकतवर देश दूसरे देशों के राष्ट्रपति का अपहरण कर लिया।
उन्होंने कहा कि चंबल के डाकू अपहरण किया करते थे अब ताकतवर देश अपहरण करा रहे है। एक देश का मुखिया मीटिंग कर रहा था और एक बम आकर गिरा और सब मर गए। सपा युद्ध के खिलाफ है। महात्मा गांधी ने सत्य अहिंसा का रास्ता दिखाया। आज भी दुनिया को सत्य अहिंसा का रास्ता दिखाया।
उन्होंने कहा कि हमारे देश ने दुनिया को शांति का रास्ता दिखाया। जितना बेहतरीन हमारे देश को इंसानियत है और भाईचार है इसको बरकरार रखना है। हमारे पर्व इस बात का संदेश देते है कि जो पापी होते है उन्हें नष्ट कर त्यौहार मानते जाते है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि हम लोगो ने तैयारी कर रखी है। हम लोग जितनी तैयारी कर रखेंगे उतना आसान सरकार बनाना होगा । जब 2012 में होली के बाद ही सरकार बनी थी। उप्र में 403 विधान सभा है और आज दिन कम है और विधानसभा ज्यादा है। जितनी बड़ी जीत हुई थी उससे बड़ी जीत दिलानी है। हमारे पास बड़ी चुनौती है क्योंकि हमने लोगो ने उन्हें हराया है और वो जान गए है कि उन्हें कैसे हराया है, पीडीए की ताकत के साथ उन्हें हराना है। पीडीए का नारा हर किसी से ज्यादा है।
श्री यादव ने कहा कि लगभग 10 साल हो गए वो जापान एमओयू करने गए। पहले पचास लाख करोड़ का एमओयू किया और अब फिर एमओयू कर के आए है। ये पहले मुख्यमंत्री है जो बिदाई से पहले घूमने जा रहे है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें