पीएमएसएमए दिवस का हुआ निरीक्षण, वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की हुई जांच
गोरखपुर। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस का निरीक्षण किया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन करवाया गया। डॉ झा की पहल पर स्वास्थ्य विभाग का मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बुजुर्गों की सेहत पर विशेष जोर है।
डॉ झा ने खोराबार पीएचसी पर पीएमएसएमए दिवस का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकरण काउंटर, प्रसव पूर्व जांच कक्ष, प्रयोगशाला, दवा वितरण काउंटर और परामर्श कक्ष का अवलोकन किया। डॉ झा ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रत्येक माह के एक, नौ, सोलह और चौबीस तारीख को विशेषज्ञों से प्रसव पूर्व जांच, परामर्श, दवाओं, पैथालॉजिकल और रेडियोलॉजिकल जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण किए जाते हैं। इस अवसर पर सीएमओ के साथ खोराबार के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक पंकज आनंद, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता डॉ सूर्य प्रकाश और बीपीएम शिवा भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जन जन तक पहुंचाने के क्रम में नगर निगम के डे केयर सेंटर में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य जांच का शिविर भी आयोजित किया गया। सीएमओ ने बताया कि इस दौरान 68 वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। छत्तीस वरिष्ठ नागरिकों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई, जबकि 60 वरिष्ठ नागरिकों के ब्लड शुगर की भी जांच हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के जांच व परामर्श के साथ-साथ उन्हें निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। सीएमओ ने बताया कि अन्य विभागों के सहयोग से आगे भी वृहद स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें