तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने राष्ट्रपति का घोर अपमान किया -मोदी
नयी दिल्ली, 08 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि उसने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का घोर अपमान किया है।श्री मोदी ने यहां एक सभा में रविवार को अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि उनके दिल को गहरी चोट लगी है। उन्होंने कहा कि आज देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है और एक दिन पहले पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने राष्ट्रपति का घोर अपमान किया । उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति संथाल के बहुत बड़े उत्सव में शामिल होने के लिए बंगाल गयीं थीं लेकिन तृणमूल सरकार ने राष्ट्रपति का बहिष्कार कर दिया। तृणमूल सरकार ने उस कार्यक्रम को बदइंतजामी के हवाले कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह देश के संविधान और लोकतंत्र की परंपरा का अपमान है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रपति के साथ साथ देश के संविधान, लोकतंत्र की परंपरा का भी अपमान है। उन्होंने जीवन में तपकर उंचाईयां हासिल की है यह उसका भी अपमान है। उन्होंने कहा, ''हमारे यहां कहा गया है कि अहंकार में चूर व्यक्ति कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो अंततः नष्ट हो जाता है। मैं आह्वान कर रहा हूं कि एक आदिवासी राष्ट्रपति का घोर अपमान करने वाली तृणमूल सरकार का अहंकर चूर होकर रहेगा। पश्चिम बंगाल की जनता इस अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को भी यह मसला उठाया था और सोशल मीडिया 'एक्स' पर किये पोस्ट में इस घटना को शर्मनाक और अभूतपूर्व बताया था। उन्होंने कहा था, ''हर वह व्यक्ति जो लोकतंत्र और आदिवासी समुदाय के सशक्तिकरण में विश्वास करता है वह
इस घटना से मायूस है।''
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति के शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान सिलीगुड़ी में नौंवे अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में शामिल होने पर राज्य सरकार द्वारा प्रोटोकाल के कथित उल्लंघन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें