आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण है केदारेश्वर महादेव मंदिर: अखिलेश


इटावा, 27 मार्च (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि इटावा में निर्माणाधीन केदारेश्वर महादेव मंदिर का स्थान ईश्वरीय प्रेरणा से चुना गया है और यह आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। रामनवमी के अवसर पर उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि इटावा स्थित निर्माणाधीन केदारेश्वर महादेव मंदिर में बाल स्वरूप श्रीराम की मूर्ति का शुभ संयोजन हुआ है। उन्होंने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होने कहा कि यह मंदिर ‘शिवशक्ति अक्ष रेखा’ पर स्थित है, जिसे धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र माना जाता है। उनका कहना है कि शिव के प्रमुख मंदिरों के साथ-साथ पंचभूत मंदिर भी इसी अक्ष रेखा पर स्थित हैं और केदारेश्वर मंदिर एक भव्य शिवधाम के रूप में विकसित हो रहा है।
उन्होंने आस्था और सनातन परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्ची आस्था ही सनातन है और इसका निरंतर प्रवाह बना रहता है।
उल्लेखनीय है कि इटावा में लायन सफारी के सामने निर्माणाधीन केदारेश्वर महादेव मंदिर इन दिनों चर्चा में है। पारंपरिक भारतीय स्थापत्य शैली में बन रहे इस मंदिर की रूपरेखा उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर से प्रेरित बताई जा रही है, हालांकि मंदिर प्रबंधन इसे अलग और विशिष्ट बताता है।
मंदिर निर्माण में विशेष पत्थरों और पारंपरिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। मंदिर में स्थापित शिवशिला नेपाल से लाई गई है, जबकि नंदी की प्रतिमा दक्षिण भारत की शैली में निर्मित की जा रही है।
इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने भी पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद यह श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख आस्था केंद्र बनेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना