‘चाय वाले’ ने देशवासियो को लाइन में फिर लगा दिया : शिवपाल
इटावा, 14 मार्च (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर कटाक्ष करते हुये कहा कि चाय वाले ने एक बार फिर देशवासियों को लाइन में लगा दिया है। अपने निर्वाचन क्षेत्र जसवंतनगर में क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने बस स्टैंड चौराहा पर एक टी स्टॉल पर स्थानीय लोगों से बात करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में देश के हालात ऐसे कर दिए हैं कि सभी देशवासी लाइन में खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए केवल एक ही आदमी जिम्मेदार है जिसको सभी चाय वाला कहते हैं।शिवपाल अचानक अपने काफिले के साथ रुके और चाय पिलाने को कहा। शिवपाल सिंह की नगर में मौजूदगी की सूचना पर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता टी स्टॉल पहुंचे। श्री यादव ने चाय विक्रेता सतीश से पूछा चाय का धंधा कैसे चल रहा है तो उसने सिलेंडर न मिलने की समस्या बताई जिस पर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चाय वाले ने ही सबको लाइन में लगा दिया।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों से भी सिलेंडर उपलब्धता के बारे में जानकारी की तो अधिकतर ने लाइन में लगने और सिलेंडर न मिलने की समस्या बताई। इस पर श्री यादव ने कहा कि झूठे वादे कर भाजपा वाले सत्ता में आए हैं इन्होंने सभी को लाइन में लगा दिया । आपको याद होगा बैंकों में सभी लाइन में लगे थे, किसान खाद लेने के लिए लाइन में लगता है और अब महिलाएं पुरुष खाना बनाने के लिए प्रयोग में आने वाले सिलेंडर के लिए लाइन में लगे हुए हैं।
श्री यादव ने सभी से कहा कि अब समय आ गया है सभी लोग जिम्मेदारी के साथ इनको सत्ता से हटाए। इस दौरान सपा कन्नौज जिला प्रभारी अनिल प्रताप सिंह,विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव ठा. अजेंद्र सिंह गौर,नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता,ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह यादव,सुनील,मुकेश आशीष,चंद्र मोहन यादव,बिल्लू यादव,सुरेश यादव गोपाल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें