होली पर सक्रिय रहेंगी इमर्जेंसी सेवाएं, अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
गोरखपुर। होली पर्व पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी प्रमुख अस्पतालों की इमर्जेंसी सेवाएं सक्रिय रहेंगी। सेवाओं का त्वरित लाभ लोगों को मिल सके, यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने अलग-अलग अस्पतालों का मंगलवार को जायजा भी लिया। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ राम कुमार जायसवाल व सीएमओ डॉ राजेश झा ने, जबकि जिला अस्पताल में एसआईसी डॉ आरपी गौतम और सीएमओ ने संयुक्त तौर पर तैयारियां देखीं। सीएमओ ने पिपरौली सीएचसी का स्वयं निरीक्षण किया। उनके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों की इमर्जेंसी की एसीएमओ और डिप्टी सीएमओ स्तर के अधिकारियों ने जांच की।
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और सौ शैय्यायुक्त टीबी अस्पताल में बीस बीस बेड आपद स्थिति के लिए आरक्षित किए गए हैं। जिले के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। चिकित्सक और पैरामेडिकल को पूरी तैयारी के साथ अस्पतालों पर रहने के लिए कहा गया है। एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी ने कैम्पियरगंज व जंगल कौड़िया, डिप्टी सीएमओ डॉ अश्वनी चौरसिया ने चरगांवा, भटहट व पिपराईच तथा डिप्टी सीएमओ डॉ राजेश ने खोराबार, ब्रह्मपुर व चौरीचौरा स्थित ब्लॉक स्तरीय अस्पतालों की इमर्जेंसी सेवाओं का जायजा लिया।
सीएमओ ने पिपरौली सीएचसी के निरीक्षण के दौरान सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इमर्जेंसी में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों की जांच की। सीएचसी अधीक्षक डॉ शिवानंद मिश्रा को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण सेवा देने का प्रयास करना है। अति आवश्यक होने पर ही मरीज को रेफर करना है। यथासंभव मरीज को सरकारी एम्बुलेंस से ही रेफर किया जाना चाहिए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें