वैश्विक तनाव पर भारत सरकार अपनी भूमिका स्पष्ट करे: अखिलेश यादव
लखनऊ 02 मार्च (वार्ता) इजरायल-ईरान के बीच जारी संघर्ष को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन रहे युद्ध जैसे हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि मानवता पर संकट की घड़ी में विश्व समुदाय को संयम और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा और युद्ध में आम नागरिकों की जान जाना अत्यंत पीड़ादायक है।
उन्होंने यह भी कहा कि युद्धकालीन स्थितियों में कई तरह की सूचनाएं सामने आती हैं, जिनमें से कुछ अपुष्ट भी हो सकती हैं। ऐसे में केंद्र सरकार का दायित्व है कि वह आधिकारिक स्तर पर तथ्यों की पुष्टि कर पारदर्शिता बनाए रखे, ताकि भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का मानना है कि भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक और प्रभावशाली देश को वैश्विक मंच पर शांति, संवाद और संतुलित कूटनीति का पक्षधर बनकर सामने आना चाहिए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें