ममता सरकार का आचरण लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ: केशव मौर्य
प्रयागराज, ( दिनेश तिवारी ) उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केेेशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल की तृणमूल सरकार का निरंकुश और अराजक आचरण लोकतांत्रिक मर्यादाओं को लगातार तार.तार कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि घुसपैठियों को संरक्षण देने वाली यह सरकार अब संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति खुले असम्मान का प्रतीक बन गई है।
कौशांबी प्रवास के बाद रविवार को प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचे श्री मौर्य ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम से दूरी बनाना और उनका सम्मान न करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा पहले प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों का अनादर और अब आदिवासी समाज से आने वाली राष्ट्रपति का सार्वजनिक अपमान देश के सर्वोच्च पद और आदिवासी समाज की अस्मिता पर चोट है।
उन्होंने कहा कि ममता दीदी के नेतृत्व में टीएमसी सरकार ने लोकतंत्र की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। राष्ट्रपति का पद राजनीति से ऊपर है , लेकिन बंगाल सरकार का व्यवहार उनके असंवैधानिक मानस को दर्शाता है।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को होली की बधाई दी। उन्होंने हाल ही में हुए हेलीकॉप्टर हादसे का जिक्र करते हुए भावुक स्वर में कहा कि मां शीतला , महाकाल की कृपा और कार्यकर्ताओं की दुआओं की वजह से ही वे बाल.बाल बचे हैं।
एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता , निर्मला पासवान , राजेश केसरवानी , अवधेश चंद्र गुप्ता , कमलेश कुमार , आशीष गुप्ता , रामलोचन साहू आदि मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें