पुडुचेरी विधानसभा के लिये मतदान नौ अप्रैल को एक चरण में , मतगणना चार मई को
नयी दिल्ली, 15 मार्च (वार्ता) केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिये नौ अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया जाएगा। मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जायेगा।
इस घोषणा के साथ ही केंद्रशासित प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गयी है। विधानसभा की सभी 30 सीटों में से 5 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं और अनुसूचित जनजाति के लिए कोई सीट आरक्षित नहीं है।
पुडुचेरी में कुल 9 लाख 44 हजार 539 मतदाता हैं। इनमें 9 लाख 44 हजार 211 सामान्य मतदाता और 328 सर्विस वोटर शामिल हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 23 हजार 33 युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। इसके अलावा पुडुचेरी में 12 हजार 204 दिव्यांग मतदाता, 139 थर्ड जेंडर मतदाता और 85 वर्ष से अधिक आयु के 6034 वरिष्ठ नागरिक भी मतदान कर सकेंगे।इन सभी वरिष्ठ मतदाताओं के लिए आयोग ने घर से मतदान करने हेतु वैकल्पिक डाक मतपत्र की विशेष सुविधा सुनिश्चित की है।
आयोग ने मतदान को सुचारू बनाने के लिए इस बार मतदान केन्द्रों की संख्या बढ़ा दी है। मतदान की सुगमता के लिए बुनियादी ढांचे में विस्तार करते हुए आयोग ने विधानसभा चुनावों के लिये यह संख्या बढ़ाकर 1,099 कर दी है।
आयोग का कहना है कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे ताकि मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें