युवा ही 'विकसित भारत' के निर्माता हैं, नयी पीढ़ी मादक पदार्थों से दूर रहे: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन


आइजोल / नयी दिल्ली 7 मार्च (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने युवाओं को ' विकसित भारत के निर्माता' बताते हुए उन्हें नशाखोरी जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया है।

श्री राधाकृष्णन शनिवार को आइजोल में मिजोरम विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालय की स्नातक उपाधि प्राप्ति करने में सफल हुए विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनसे 2047 तक 'विकसित भारत' के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आग्रह किया।
उपराष्ट्रपति ने युवाओं को 'विकसित भारत' भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि नयी पीढ़ी को नौकरी की तलाश से आगे बढ़कर अब खुद नये अवसरों के सृजन पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए। उन्होंने पूर्वोत्तर क्षेत्र में पर्यटन, बांस पर आधारित उद्योगों, जैविक कृषि, हस्तशिल्प और डिजिटल सेवाओं जैसे सेक्टरों की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया।
उपराष्ट्रपति ने युवाओं में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए, उन्होंने उनसे मादक पदार्थों से दूर रहने और अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने का आह्वान किया। श्री राधाकृष्णन ने विद्यार्थियों को प्रौद्योगिकी एवं सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी और उनसे प्रौद्योगिकी का गुलाम बनने के बजाय उसका स्वामी बनने का आह्वान किया।
पिछले एक दशक के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र में हुए विभिन्न बदलावों को रेखांकित करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस क्षेत्र को भारत के विकास की प्रक्रिया के केन्द्र में रखा गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में शुरू हुई बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन सहित बेहतर संपर्क सुविधा और उड़ान एवं पीएम-डिवाइन जैसी पहलों से विकास में तेजी आ रही है और इस क्षेत्र के लोगों को नए अवसरों के निकट लाया जा रहा है।
उन्होंने मिजोरम की समृद्ध प्राकृतिक विरासत और उच्च साक्षरता दर का उल्लेख करते हुए राज्य की सुदृढ़ जनजातीय परंपराओं और पर्यावरण के प्रति जागरूकता की प्रशंसा की। सौर ऊर्जा पर आधारित मिजोरम विश्वविद्यालय के संचालन की सराहना करते हुए, उन्होंने युवाओं से पर्यावरण की स्थिरता को बढ़ावा देने में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आग्रह किया।
विश्वविद्यालय परिसर की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि मिजोरम विश्वविद्यालय सबसे खूबसूरत परिसरों में से एक है और यह इस बात का प्रतीक है कि शांति एवं उद्देश्य पर आधारित शिक्षा क्या कुछ हासिल कर सकती है।
दीक्षांत समारोह में मिजोरम के राज्यपाल एवं मिजोरम विश्वविद्यालय के मुख्य रेक्टर जनरल (सेवानिवृत्त) विजय कुमार सिंह; मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा; मिजोरम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दिबाकर चंद्र डेका, संकाय सदस्य, विशिष्ट अतिथि, अभिभावक और स्नातक होने वाले विद्यार्थी उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना