गोरखपुर के रामगढ़ ताल में राष्ट्रीय महिला रोइंग टीम का कैंप शुरू
गोरखपुर, 27 मार्च (वार्ता) मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ की विशेष रूचि और दूरदर्शी नेतृत्व के चलते गोरखपुर का रामगढ़ ताल अब देश के बेहतरीन रोइंग वेन्यू के रूप में स्थापित हो चुका है। योगी की विशेष पहल पर रामगढ़ ताल और वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के विकास ने न केवल शहर की सूरत बदली, बल्कि उत्तर प्रदेश के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय भी जोड़ दिया है। उसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश रोइंग (नौकायन) के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय शिविर की मेजबानी गोरखपुर का रामगढ़ ताल कर रहा है।'मिशन जापान -2026' (20वें एशियाई खेलों) की तैयारियों के लिए भारतीय महिला रोइंग टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन गोरखपुर के रामगढ़ ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है जिसकी शुरुआत शुक्रवार को हो गई। इस शिविर में देश भर की चुनिंदा महिला रोअर्स हिस्सा ले रही हैं जिसमें अनुभवी और युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन संतुलन है। अगले दो माह तक ये खिलाड़ी यहाँ अपनी तकनीक, गति और तालमेल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निखारेंगी।
शिविर की शुरुआत आज मुख्य अतिथि गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव श्री पुष्पराज सिंह ने की। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और शुभकामनाएं दी। उन्होंने झंडी दिखाकर सिंगल स्कल, डबल स्कल, पेयर और फोर्स की बोट को रवाना करते हुए शिविर का शुभारम्भ किया। इस अक्सर पर रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) के महासचिव श्री सुभाशीष मुखर्जी, आरएफआई फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नवाबुद्दीन और पद्मश्री रोइंग खिलाड़ी ओलंपियन बजरंग लाल की भी मौजूदगी रही।
सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रोइंग के भविष्य के लिए यह कैंप एक मील का पत्थर साबित होगा, जहां से महिला खिलाड़ी देश के लिए गौरव हासिल करने की राह चुनेंगी। उत्तर प्रदेश में इस स्तर के कैंप का आयोजन न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा, बल्कि राज्य को 'वाटर स्पोर्ट्स' के वैश्विक मानचित्र पर भी मजबूती से स्थापित करेगा।
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री सुभाशीष मुखर्जी ने कहा कि इस कैंप का मुख्य लक्ष्य महिला रोअर्स की तकनीक, स्टैमिना और टीम वर्क में सुधार करना है ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक की संभावनाओं को बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के रामगढ़ ताल की भौगोलिक स्थितियां तैयारी के लिए अनुकूल हैं। टीम प्रबंधन का ध्यान विशेष रूप से 'टाइमिंग' और 'वाटर कोआर्डिनेशन' पर रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा (सचिव, यूपी रोइंग एसोसिएशन) ने बताया कि जापान में होने वाले 20वें एशियाई खेल (आइची-नागोया 2026) की तैयारियों के लिए रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुरोध पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण शिविर विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा राष्ट्रीय कैंप के सफल आयोजन हेतु हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें