मोदी ने कुवैत के शहजादे के साथ पश्चिम एशिया घटनाक्रम पर बात की
नयी दिल्ली 18 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कुवैत के शहजादे शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से बातचीत कर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं और पश्चिम एशिया के सुरक्षा घटनाक्रम की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि श्री मोदी ने कुवैत के शहजादे शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से बात की और आगामी ईद पर्व की शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान श्री मोदी और शहजादे ने पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर विचार-विमर्श किया और हाल के घटनाक्रमों पर चिंता व्यक्त की।प्रधानमंत्री ने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की भारत द्वारा निंदा को दोहराया और इस बात पर जोर दिया कि हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के माध्यम से सुरक्षित और मुक्त नौवहन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए निरंतर कूटनीतिक संवाद आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर सहयोग के लिए शहजादे का धन्यवाद भी किया।
प्रधानमंत्री ने बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, " महामहिम शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह, कुवैत के क्राउन प्रिंस से बातचीत की और आगामी ईद पर्व की शुभकामनाएँ दीं। हमने पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर विचार-विमर्श किया और हालिया घटनाक्रमों पर चिंता व्यक्त की। कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हमलों की भारत द्वारा निंदा को दोहराया। हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के माध्यम से सुरक्षित और मुक्त नौवहन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम इस बात पर सहमत हुए कि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए निरंतर कूटनीतिक संवाद आवश्यक है। मैंने कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण के लिए उनके निरंतर सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया।"
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर श्री मोदी क्षेत्र के अनेक नेताओं के साथ निरंतर बातचीत कर रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें