क्वांटम सूचना एवं प्रौद्योगिकी पर चार दिवसीय कार्यशाला
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने, शोध सहयोग को सशक्त बनाने तथा आधुनिक विज्ञान के इस तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में नवाचार को प्रेरित करने की दिशा में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद द्वारा आयोजित क्वांटम सूचना एवं प्रौद्योगिकी पर चार दिवसीय कार्यशाला गुरुवार से झलवा परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में शुरू होगी।
एप्लाइड साइंसेज विभाग के प्रमुख डॉ. सृजित भट्टाचार्य ने बुधवार को बताया कि यह कार्यशाला विभाग द्वारा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, ट्रिपल आई टी के सहयोग से “फ्रंटियर्स इन क्वांटम इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजीज विषय पर आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रमुख शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं उद्योग विशेषज्ञों का सहभाग होगा, जो क्वांटम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नवीनतम विकास पर विचार-विमर्श करेंगे।
उन्होंने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में तकनीकी सत्र, मुख्य व्याख्यान, लघु वार्ताएं तथा संवादात्मक चर्चाएं आयोजित होंगी। यह पहल ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने, शोध सहयोग को सशक्त बनाने तथा आधुनिक विज्ञान के इस तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में नवाचार को प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है|
कार्यशाला में प्रो. अदिति सेन डे, प्रो. शेखर वर्मा, डॉ. अनुपमा राय, प्रो. सुद्धसत्ता महापात्र (आई आई टी बॉम्बे), डॉ. अर्पण भट्टाचार्य (आई आई टी गांधीनगर) सहित कई प्रतिष्ठित वक्ता भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त आई आई टी पटना, बॉश लिमिटेड, कनु लैब, आइसर पुणे तथा अंतरराष्ट्रीय संस्था ए स्टार, सिंगापुर के विशेषज्ञ भी अपने विचार साझा करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन विभिन्न विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें क्वांटम कंप्यूटिंग, क्वांटम संचार तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ क्वांटम तकनीकों के समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। पोस्टर प्रस्तुति एवं लघु वार्ता सत्र युवा शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को अपने शोध प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेंगे। कार्यशाला का समापन 29 मार्च को होगा, जिसमें प्रमुख निष्कर्षों एवं भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें