उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की खबर भ्रामक: परिवहन निगम
लखनऊ 11 मार्च (वार्ता) उत्तरप्रदेश में 14 और 15 मार्च को होने वाली उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के लिए सोशल मीडिया पर चल रही निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने संबंधी सूचना का परिवहन विभाग ने खंडन किया है। विभाग का कहना है कि परिवहन निगम की बसों में एडमिट कार्ड दिखाकर निःशुल्क यात्रा की सुविधा संबंधी सूचना भ्रामक है।परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बुधवार को कहा कि 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को बसों में मुफ्त यात्रा देने के संबंध में निगम मुख्यालय से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर इस संबंध में प्रसारित हो रही जानकारी पूरी तरह असत्य और भ्रामक है।
उन्होंने बताया कि सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि इस भ्रामक सूचना का खंडन बस अड्डों पर हेल्प डेस्क के माध्यम से व्यापक रूप से कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों में किसी प्रकार का भ्रम न फैले। साथ ही सभी चालकों और परिचालकों को भी वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे मार्ग में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें