वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्तओं को सिलेंडर की आपूर्ति शुरू:सरकार
नयी दिल्ली, 14 मार्च (वार्ता) सरकार ने शनिवार को कहा कि विभिन्न राज्यों में वाणिज्यक उपभोक्ताओं को अब एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू कर दी गयी है और उन्हें उनके इलाकों में उपलब्ध पाइप वाली प्राकृतिक गैस कनेक्शन अपनाने का सुझाव भी दिया जा रहा है।
इसी बीच एलपीजी से लदे दो भारतीय जहाज होर्मूज जलडमरूमध्य से निकल कर भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और वे 16 तथा 17 मार्च को गुजरात के बंदरगाहों पर पहुंच सकते हैं, इससे एलपीजी की आपूर्ति बढ़ाने में मदद मिलेगी। एलपीजी का भंडार बढाने के लिए खाड़ी देशों के अलावा अन्य देशों से भी इसकी खरीद की बात की जा रही है।
सरकार ने यह भी कहा है कि देश में एलपीजी के घरेलू उत्पादन में पश्चिम एशिया संघर्ष के छिड़ने के बाद से अब तक 31 प्रतिशत वृद्धि हो चुकी है और इसका पर्याप्त भंडार है। घरेलू उपभोक्तओं को घबराहट में बुकिंग करने की जरूरत नहीं है और न ही उन्हें वितरकों के पास लाइन लगाने की जरूरत है। सरकार ने अपील की है कि घरेलू उपभोक्ता सिलेंडर के लिए केवल आनलाइन तरीकों से ही बुकिंग करें और यदि संभव हो तो वे भी पीएनजी कनेक्शन लें।
विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारियों ने पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न स्थित पर यहां नियमित मीडिया-ब्रीफिंग में ईंधन की आपूर्ति, खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीय ध्वज वाले पोतों और नाविकों , क्षेत्र में फंसे भारतीय नागरिकों की निकासी तथा उर्वरक आपूर्ति जैसे मुद्दों पर अद्यतन जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि देश में यूरिया सहित विभिन्न प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सरकार किसानों को आश्वस्त करना चाहती है कि अगले कई महीने के लिए उनकी जरूरत के लिए देश में सभी महत्वूपूर्ण उर्वरकों का भंडार पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है।
पेट्रोलिय एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू कर दी गयी है। यह काम राज्य सरकारों के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा , ' पश्चिम एशिया संकट के चलते एलपीजी की स्थिति को लेकर चिंता जरूर है लेकिन हमारे पास प्राथमिकताओं को पूरा करने के लिए इसका पर्याप्त भंडार है।'
उन्होंने कहा कि कुछ लोग घबराहट में बुकिंग करा रहे हैं। कल सिलेंडर की दैनिक बुकिंग 76 लाख से बढ़ कर 88 लाख हो गयी थी जो दर्शाती है कि लोग घबराहट में बुकिंग कर रहे है। उन्होंने अपील की कि लोग डिजिटल बुकिंग करें , उनको सिलेंडर घर पर पहुंचाया जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें