नैमिषारण्य धाम के विकास के लिए 14.09 करोड़ स्वीकृत, ‘वेदारण्यम’ थीम पर होगा विस्तार
लखनऊ 08 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार ने नैमिषारण्य धाम के विकास के लिए 14.09 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।इस परियोजना के तहत धाम को वेद आधारित थीम ‘वेदारण्यम’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इस बाबत स्वीकृत राशि में से 7.04 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी भी कर दी गई है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य नैमिषारण्य धाम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करते हुए इसके धार्मिक और आध्यात्मिक स्वरूप को और भव्य बनाना है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत ‘वेद वन’ की अवधारणा पर ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद के आधार पर अलग-अलग सेक्शन विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा पंचवृक्ष, आयुर्वेद, नक्षत्र और ‘संसार’ जैसे थीम आधारित क्षेत्र भी बनाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए ऑडियो-गाइडेड ट्री ट्रेल की सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे वे पेड़-पौधों के धार्मिक महत्व को समझ सकें।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। इसमें शौचालय, टिकट काउंटर, सुरक्षा कक्ष, कैफेटेरिया, पगोडा, कमल तालाब, तुलसी वृंदावन, आकर्षक मूर्तियां, प्रवेश द्वार, ओवरहेड जल टंकी, सौर स्ट्रीट लाइट, जल एटीएम और संकेतक बोर्ड जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति और धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने कहा कि सरकार इस परियोजना को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें