कुशीनगर बौद्ध कॉन्क्लेव से उत्तर प्रदेश में 3,000 करोड़ निवेश की संभावना


लखनऊ 03 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन 2026 का समापन व्यापक भागीदारी और निवेश की मजबूत संभावनाओं के साथ हुआ।

तीन दिवसीय इस आयोजन ने प्रदेश को वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाई।
भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल कुशीनगर में आयोजित इस सम्मेलन में 2,300 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें 2,000 से अधिक भिक्षु, विद्वान, नीति-निर्माता और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल रहे, जबकि 300 से अधिक विदेशी मेहमान थाईलैंड, जापान, म्यांमार, भूटान और नेपाल जैसे देशों से पहुंचे थे।
सम्मेलन के दौरान पर्यटन से जुड़े क्षेत्रों में करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं सामने आई हैं। होटल एवं रिजॉर्ट उद्योग, रियल एस्टेट डेवलपर्स, बायो-सीएनजी और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर से जुड़े निवेशकों ने कुशीनगर में निवेश को लेकर रुचि दिखाई। इसके साथ ही शहर में दो नए टाउनशिप विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कुशीनगर तेजी से वैश्विक बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहा है। वहीं, अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि वर्ष 2025 में प्रदेश के छह प्रमुख बौद्ध स्थलों पर 82 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जो इस क्षेत्र की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना