यूपी में एक साल में 4,746 नई फैक्ट्रियां पंजीकृत
लखनऊ, 1 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में औद्योगिकीकरण की रफ्तार लगातार तेज बनी हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश में 4,746 नई फैक्ट्रियों का पंजीकरण हुआ है, जिससे राज्य की औद्योगिक प्रगति को नया आयाम मिला है।अधिकारियों की मानें तो औद्योगिक विकास के मामले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश अन्य क्षेत्रों से आगे बना हुआ है। वर्ष 2017 के बाद स्थापित कुल 17,841 फैक्ट्रियों में से 10,895 इकाइयां पश्चिमी यूपी में स्थापित हुई हैं। इसके अलावा 3,526 फैक्ट्रियां मध्य यूपी, 3,205 पूर्वांचल और 215 बुंदेलखंड क्षेत्र में लगी हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में औद्योगिक विकास विभाग को 28,864.98 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है। इसमें से अब तक 19,218 करोड़ की स्वीकृति जारी की जा चुकी है, जबकि शेष 6,000 करोड़ की स्वीकृति भी जल्द जारी किए जाने की तैयारी है। इससे कुल बजट व्यय 87.37 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।
प्रदेश सरकार द्वारा औद्योगिक इकाइयों को विभिन्न नीतियों के तहत लगभग 2,000 करोड़ के प्रोत्साहन वितरित किए गए हैं। इसमें स्टेट जीएसटी प्रतिपूर्ति सहित अन्य वित्तीय सहायता शामिल है। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता के अनुसार, मार्च 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद से अब तक कुल 17,841 फैक्ट्रियां पंजीकृत हुई हैं। यह संख्या आज़ादी से लेकर मार्च 2017 तक करीब 70 वर्षों में पंजीकृत 14,178 फैक्ट्रियों से भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि ताजा आंकड़ों के साथ राज्य में कुल पंजीकृत फैक्ट्रियों की संख्या बढ़कर 32,019 हो गई है, जो प्रदेश में लगातार मजबूत हो रहे औद्योगिक माहौल का संकेत है।
.png)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें