राज्यों को 48,000 किलो लीटर केरोसिन का अतिरिक्त आवंटन, एलपीजी डीलरों के पास पर्याप्त स्टाॅक


नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम एशिया के चलते उत्पन्न हालात में केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को नियमित आवंटन के अलावा 48,000 किलोलीटर केरोसिन का अतिरिक्त आवंटन किया है।


पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने एसकेओ आवंटन आदेश जारी किए हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश और लद्दाख ने कोई आवश्यकता नहीं बताई है।
पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों से उत्पन्न नियमित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में मंगलवार को यह जानकारी दी गयी।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बावजूद, पूरे देश में दूध की खरीद, प्रोसेसिंग और सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रही है। डेयरी सप्लाई चेन, और दूध, ईंधन और पैकेजिंग सामग्री की उपलब्धता की रोज़ाना निगरानी करने के लिए, सभी राज्य फेडरेशन और मिल्क यूनियन के साथ मिलकर एक खास पोर्टल लॉन्च किया गया है।
रसोईं गैस के बारे में अधिकारियों ने बताया कि घरेलू एलपीजी की सप्लाई को प्राथमिकता दी गई है। एलपीजी वितरकों के पास स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 से अब तक 5.01 लाख से ज़्यादा पीएनजी के कनेक्शन चालू किए गए हैं, और 5.68 लाख से ज़्यादा ग्राहकों ने नए कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है।
पेट्रोलियम का खुदरा कारोबार करने वाली सरकारी कंपनियों ने जमाखोरी और आपूर्ति में हेराफेरी रोकने के लिए अचानक निरीक्षण करना जारी रखा है। सोमवार तक 274 एलपीजी डीलरों पर अर्थदंड लगाया गया है और 67 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप को निलंबित कर दिया गया है।
इस वर्ष 28 फरवरी से अब तक, एलपीजी से लदे नाै जहाज़ और कच्चे तेल का एक जहाज़ होर्मुज़ जलडमरूमध्य से भारत के लिए सुरक्षित रूप से निकल चुका है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना