बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के बीच पहुंची सरकार, योगी ने पूछा हाल


लखनऊ, 1 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न क्षेत्रों में हुई बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की स्थिति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए कहा कि मौसम की मार झेल रहे किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें शीघ्र राहत प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराया जाए और प्रभावित किसानों को समयबद्ध ढंग से मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
योगी ने राजस्व एवं कृषि विभाग के साथ बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे करने के निर्देश देते हुए कहा कि फसल क्षति का आंकलन तेजी से पूरा कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाए, ताकि मुआवजा वितरण में देरी न हो। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में हुई बारिश से जिन किसानों की फसल प्रभावित हुई है, उन्हें भी राहत दी जा रही है और बुधवार की बारिश से हुए नुकसान का आकलन भी तत्काल कराया जाए। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने और किसानों से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता समय पर मिले। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को निर्देशित किया कि वे जिलों में तैनात अधिकारियों के साथ सतत संपर्क बनाए रखें और राहत कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि सभी सूचनाएं समय पर संकलित कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि राहत वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
योगी ने दोहराया कि राज्य सरकार हर आपदा में प्रदेशवासियों के साथ मजबूती से खड़ी है और इस बार भी किसानों को समयबद्ध एवं प्रभावी राहत सुनिश्चित की जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना