गोरखपुर में बोले मुख्यमंत्री: यूपी में गुंडों-माफिया को नहीं पनपने देंगे


गोरखपुर, 05 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए कहा कि प्रदेश की धरती पर गुंडों और माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा।

रविवार को गोरखपुर के घंटाघर स्थित अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण और विरासत गलियारा परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां गुंडों और माफिया की जगह होगी, उन्हें वहीं पहुंचा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है और सरकार जनसुविधा व विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2017 के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है और अब उत्तर प्रदेश “उपद्रव नहीं, उत्सव प्रदेश” के रूप में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विरासत गलियारा और मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना से यातायात सुगम होगा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा और गोरखपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया और पांडेयहाता में नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री योगी ने पार्किंग कॉम्प्लेक्स में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानी बंधु सिंह और काकोरी ट्रेन एक्शन के अमर सेनानी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की मूर्ति का अनावरण भी किया। उन्होंने दोनों विभूतियों की मूर्ति पर पुष्पांजलि कर राष्ट्रहित में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। उन्होंने अपने संबोधन में भी दोनों अमर सेनानियों के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
उन्होने मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भ्रमण कर वहां पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। कॉम्प्लेक्स की दीवारों पर विरासत को सहेजने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े प्रसंगों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। लोकार्पण समारोह के दौरान मंच से मुख्यमंत्री कॉम्प्लेक्स में बनी दुकानों के लिए नव आवंटियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।
योगी ने घंटाघर में अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर बने जिस मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण कियाए उसमें 250 वाहनों की पार्किंग की क्षमता है। साथ ही इसमें 43 दुकानें भी बनाई गई हैं। कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर 27ण्26 करोड़ रुपये की लागत आई है। कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में 26 व द्वितीय तल पर 24 कारों और छत पर 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। जबकि भूतल पर 21 तथा प्रथम तल पर 22 दुकानों और पुरुषध्महिला शौचालय का निर्माण हुआ है।
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर सहित पूरे प्रदेश में विकास की अद्वितीय तस्वीर नजर आ रही है। वह एक निस्वार्थ संत हैं और विकास तथा जनकल्याण ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि योगी के विजन से गोरखपुर विकास की नई आभा से निखर उठा है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना