राममंदिर निर्माण से जुड़े इटावा के इंजीनियर को मोहन भागवत ने किया सम्मानित
इटावा/नागपुर, 27 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इटावा के वरिष्ठ अभियंता राजीव कुमार दुबे को डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, नागपुर ने एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन मधुकरराव भागवत ने प्रदान किया गया।राजीव दुबे के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण लोगों को सम्मानित किया गया है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े इंजीनियर राजीव दुबे को सम्मानित किए जाने की जानकारी उनके छोटे भाई इटावा के आपदा प्रबंधन अधिकारी अवनीश दुबे ने दी है।
उनका चयन देश के चुनिंदा व्यक्तित्वों में किया गया, जो उनके उत्कृष्ट तकनीकी योगदान, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
यह सम्मान न केवल श्रीराम मंदिर निर्माण में उनकी उल्लेखनीय भूमिका का प्रतीक है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रियता, प्रतिबद्धता एवं निरंतर योगदान की भी औपचारिक मान्यता है।
उल्लेखनीय है कि श्री दुबे ने श्रीराम जन्मभूमि, अयोध्या के निर्माण कार्य में अपनी तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता नियंत्रण तथा समर्पित कार्यशैली के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना की जा रही है।
गौरतलब है कि श्री राजीव कुमार दुबे, इटावा के आपदा विशेषज्ञ अवनीश दुबे के बड़े भाई हैं, जिससे जनपद के प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी गर्व की अनुभूति है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें