रिलायंस रिटेल दुनिया की बनी सातवीं सबसे बड़ी स्टार्टअप कंपनी

रिलायंस रिटेल दुनिया की बनी सातवीं सबसे बड़ी स्टार्टअप कंपनी

नयी दिल्ली, 09 अप्रैल (वार्ता) रिलायंस रिटेल दुनिया की सबसे मूल्यवान निजी स्टार्टअप कंपनियों की वैश्विक सूची में सातवें स्थान पर पहुंच गयी है।


स्टैनफर्ड ग्रैजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस की रिपोर्ट के अनुसार, 100 अरब डॉलर से अधिक मूल्यांकन के साथ कंपनी ने यह उपलब्धि हासिल की है। पहली 100 मूल्यवान स्टार्टअप कंपनियों की सूची में तीन भारतीय कंपनियां शामिल हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज 24 अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ 27वें और टाटा ईवी मोबिलिटी नौ अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ 93वें स्थान पर है।


रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ताजा निवेश को शामिल करते हुए रिलायंस रिटेल हेक्टाकॉर्न बन गयी है जिसका अर्थ है कि उसका मूल्यांकन 100 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। इस सूची में रिटेल सेक्टर की कंपनियों में वह सबसे ऊपर है।


 रिलायंस रिटेल में कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, केकेआर, सिल्वरलेक, जीआईसी, टीपीजी और मुबाडाला जैसे प्रमुख वैश्विक निवेशकों ने निवेश किया है। निवेशकों द्वारा आंकी गयी कंपनी की कीमत को ही रैकिंग का प्रमुख आधार माना गया है। सूची जनवरी 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित है।


 पहले तीन स्थान पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र की कंपनी ओपनएआई, एलन मस्क की स्पेसएक्स और एंथ्रोपिक शामिल हैं। इससे पता चलता है कि निवेश पाने के मामले में टेक और एआई कंपनियों का दबदबा बढ़ रहा है।


 शीर्ष 100 की इस सूची में अमेरिका की 65 कंपनियां हैं। चीन की 21 और भारत तथा ब्रिटेन की तीन-तीन कंपनियों ने सूची में जगह बनायी है।

रिपोर्ट के अनुसार, शीर्ष तीन कंपनियां ओपनएआई, स्पेसएक्स और एंथ्रोपिक का मूल्यांकन सूची में शामिल सभी 100 कंपनियों के मूल्यांकन के एक-तिहाई के करीब है।


 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना