सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर एक बार फिर गरजेंगे वायु सेना के लड़ाकू जहाज


सुलतानपुर, 21 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 22 और 23 अप्रैल को एक बार फिर वायुसेना का युद्धाभ्यास होने जा रहा हैं जहां लड़ाकू जहाज हवाई पट्टी को छूते हुए उड़ान भरेंगे।

भारतीय वायुसेना सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर स्थित अरवल कीरी-करवत हवाई पट्टी पर कल 22 और 23 अप्रैल को युद्धाभ्यास आयोजित करेगी। इस अभ्यास में अत्याधुनिक लड़ाकू विमान अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक वायुसेना के अधिकारियों ने आपातकालीन हवाई पट्टी पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया है। यूपीडा के प्रोजेक्ट मैनेजर इमरान खान ने बताया कि लड़ाकू विमानों के उतरने, उड़ान भरने और विशेष युद्धाभ्यास के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वायुसेना ने हवाई पट्टी के परीक्षण के लिए 22 अप्रैल का कार्यक्रम तय किया है। गोरखपुर के वायुसेना अधिकारियों के पहुंचने पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल ने पुलिस अधिकारियों के साथ लड़ाकू विमानों के हवाई पट्टी परीक्षण संबंधी जानकारी ली। हवाई पट्टी के परीक्षण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से वाहनों के आवागमन का मार्ग 1 मई तक परिवर्तित कर दिया गया है। वायुसेना का परीक्षण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 2 मई से एक्सप्रेस-वे पर वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से बहाल हो सकेगा ।
मिली जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को इस एयर स्ट्रिप पर दिन में 2 बजे से शाम 5 बजे तक और शाम में 6 बजे से रात 9 बजे तक दोनों समय युद्धाभ्यास और विशेष अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रकार के आधुनिक लड़ाकू विमान टेकऑफ और लैंडिंग का प्रदर्शन करेंगे। इसमें सुखोई, मिराज, तेजस और जगुआर जैसे विमान उड़ान भर कर करतब दिखाएगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बीते कई दिनों से तैयारियां तेज़ी से चल रही थीं, जो अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आज जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह व एसपी चारू निगम ने भी एयर स्ट्रिप पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया है।
इससे पहले जून 2023 में यह अभ्यास 4 घंटे तक चला था। यहां वायुसेना के लड़ाकू विमान सुखोई और मिराज ने 3.2 किमी की एयर स्ट्रिप पर टच एंड गो का अभ्यास किया था। इस अभ्यास के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का 12 किलोमीटर का एरिया सील किया गया था।
इससे पहले यहां पर यूपी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले इसी तरह का एयर शो किया गया था। 16 नवंबर 2021 को जब पीएम मोदी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था तब एयरफ़ोर्स ने एयर स्ट्रिप पर टच एंड गो का अभ्यास किया था। उस दौरान सुखोई, जगुआर और मिराज जैसे लड़ाकू विमानों ने आसमान में करतब दिखाए थे। इसके साथ ही पीएम मोदी को लेकर आया एयरफ़ोर्स का हरक्युलिस विमान भी एक्सप्रेस-वे पर उतरा था।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना