सदियों के आक्रमणों के बावजूद आज भी अडिग है सनातन आस्था : योगी
लखनऊ, 19 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदियों के आक्रमणों और चुनौतियों के बावजूद भारत की सनातन आस्था आज भी अडिग है और निरंतर नए गौरव के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जैसे आत्मा अजर-अमर है, वैसे ही सनातन आस्था भी उसी अजर-अमर पथ का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को लखनऊ में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा उत्तर प्रदेश” का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उन्होंने यात्रा को भारत की सांस्कृतिक चेतना, एकता और आस्था का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी गौरवशाली विरासत और आधुनिक विकास के नए युग में एक साथ आगे बढ़ रहा है। यह समय भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का कालखंड है, जिसमें देश अपनी जड़ों से जुड़ते हुए नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति पर अनेक बार हमले हुए, मंदिरों को तोड़ा गया, आस्था को अपमानित करने का प्रयास हुआ, लेकिन हमलावर भारत की आत्मा को न तो झुका सके और न ही समाप्त कर सके। उन्होंने कहा कि लगभग एक हजार वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिरपर हुए आक्रमण के बावजूद सनातन श्रद्धा जीवित रही और आज वही आस्था विश्व के सामने पुनः स्वाभिमान के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद केवल राजनीतिक आजादी ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक स्वाधीनता की भी आवश्यकता थी। इसी भावना से सरदार वल्लभभाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार का संकल्प लिया और उसे साकार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होकर राष्ट्रीय चेतना का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वही सांस्कृतिक चेतना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और व्यापक रूप में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का विकास, मां विंध्यवासिनी धाम का विस्तार और प्रयागराज के भव्य कुंभ आयोजन भारत की नई पहचान बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में काशी की जीवंतता, अयोध्या की मर्यादा, मथुरा-वृंदावन की भक्ति और प्रयागराज की समरसता दिखाई देती है। ये सभी तीर्थस्थल देश-दुनिया के लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सनातन शक्ति बिना डिगे, बिना रुके और बिना झुके निरंतर आगे बढ़ रही है। यही भारत का गौरव है और यही विश्व को दिशा देने वाली शक्ति है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के अंतर्गत उत्तर प्रदेश से एक हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान सोमनाथ के दर्शन के लिए गुजरात रवाना हुए हैं। इनमें युवा, महिला उद्यमी, छात्र, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हैं। श्रद्धालु अपने क्षेत्रों के तीर्थस्थलों का जल लेकर भगवान सोमनाथ का अभिषेक करेंगे।
योगी ने कहा कि रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए निःशुल्क ट्रेन सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जबकि अन्य व्यवस्थाएं पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा की गई हैं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, मंत्री डॉ. संजय निषाद, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य पवन चौहान, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल तथा अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग अमृत अभिजात उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें