स्मृतिका युद्ध स्मारक में अत्याधुनिक लेज़र, लाइट और साउंड शो का उद्घाटन


लखनऊ, 11 अप्रैल (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ छावनी स्थित सेना की मध्य कमान के स्मृतिका युद्ध स्मारक में अत्याधुनिक लेज़र, लाइट और साउंड शो का उद्घाटन किया।करीब 30 मिनट का यह हिंदी मल्टीमीडिया शो उन्नत प्रोजेक्शन, ध्वनि और प्रकाश तकनीकों के माध्यम से भारतीय सेना के इतिहास, उसकी सैन्य उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रस्तुत करता है। यह शो भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और विरासत को समर्पित है।

शो में भारत के प्रमुख युद्धों और सैन्य अभियानों, मध्य कमान की ऐतिहासिक भूमिका, अवध क्षेत्र की वीर परंपरा तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के अनुरूप सैन्य आधुनिकीकरण को दर्शाया गया है। इसे प्रतिदिन शाम के समय आयोजित किया जाएगा और शीघ्र ही आम जनता के लिए भी खोला जाएगा।
प्रस्तुति में 1947-48, 1962, 1965 और 1971 के युद्धों के साथ ‘ऑपरेशन मेघदूत’ और ‘ऑपरेशन विजय’ के प्रमुख योगदानों को रेखांकित किया गया है। साथ ही विभिन्न अभियानों में मध्य कमान की भूमिका और अवध क्षेत्र के परमवीर चक्र विजेताओं की वीरता को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
शो में आधुनिक युद्ध की बदलती चुनौतियों के बीच भारतीय सेना के निरंतर आधुनिकीकरण, रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी प्रगति और उत्तर प्रदेश के रक्षा गलियारे जैसी पहलों को भी शामिल किया गया है।
इस आयोजन के लिए स्मृतिका युद्ध स्मारक परिसर का व्यापक उन्नयन किया गया है। यहां अत्याधुनिक प्रोजेक्टर, स्पीकर, युद्ध ट्रॉफियों और सैन्य उपकरणों को प्रदर्शित करने वाले म्यूरल तथा एक आधुनिक एम्फीथिएटर का निर्माण कराया गया है। यह पहल सेना की मध्य कमान, उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के संयुक्त सहयोग से पूरी की गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ मध्य कमान लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, सेना के वरिष्ठ अधिकारी तथा राज्य सरकार के अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

खुशहाली की राहें

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना