कलराज गाजीपुर गौरव सम्मान से विभूषित
गाजीपुर, 5 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में साहित्य चेतना समाज द्वारा आयोजित 41वें वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ समारोह (चेतना महोत्सव-2026) में पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नगर स्थित शहनाई पैलेस में आयोजित समारोह की अध्यक्षता पूर्व कुलपति प्रो. राममोहन पाठक ने की, जबकि योगी आनंद की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने संस्था की गतिविधियों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद सैदपुर तहसील के मलिकपुर गांव निवासी पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में श्री मिश्र ने कहा कि गाजीपुर साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक रूप से समृद्ध क्षेत्र रहा है तथा यहां की धरती ने उन्हें संस्कार और पहचान दी है। उन्होंने सम्मान के लिए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया तथा स्थानीय शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजीव गुप्त तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रविनंदन वर्मा ने किया।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें