पश्चिम बंगाल में बीजेपी आ रही है और टीएमसी जा रही है: मनोज तिवारी
वाराणसी, 22 अप्रैल (वार्ता) राष्ट्रीय कला मंच, काशी हिंदू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित “काशी कला कुंभ - 2026” का भव्य कार्यक्रम बुधवार को पंडित ओंकारनाथ प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। यह दो दिवसीय आयोजन कला, संस्कृति और भारतीय परंपरा की विविध अभिव्यक्तियों को समर्पित था। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी सम्मिलित हुए।कार्यक्रम के समापन के पश्चात पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आ रही है और टीएमसी की विदाई तय है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि ममता बनर्जी को कुछ समझ नहीं आ रहा है, इसलिए वे अनर्गल बयानबाजी कर रही हैं। बंगाल की जनता इतने वर्षों तक उनकी सरकार को देख चुकी है और अब वहां के लोग ऊब चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उनका वीडियो एडिट (संपादित) करके सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से प्रसारित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी किसी के खान-पान पर हस्तक्षेप नहीं किया है। अपनी एक वायरल तस्वीर का जिक्र करते हुए श्री तिवारी ने कहा कि "समाजवादी पार्टी के लोगों ने मेरी एक फोटो नॉन-वेज खाते हुए पोस्ट की है। आप उसे देखकर ही समझ जाएंगे कि वह फोटो किसी और की है। ये लोग केवल अपना फ्रस्ट्रेशन (हताशा) निकाल रहे हैं।"
कार्यक्रम के दौरान श्री तिवारी ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से अपने पुराने संबंधों को साझा करते हुए भावुक स्मृतियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उभरती हुई प्रतिभाओं को निखारने का एक सजीव मंच प्रदान करते हैं। अपने संबोधन में कला और संगीत की गहराई को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय समाज की जड़ों में ही संगीत और कला रची-बसी है।
उन्होंने अपनी पंक्तियों — “गांव गए भी हुए महीनों, खुद ही खुद से मिला नहीं हूं” के माध्यम से आधुनिक जीवन की व्यस्तताओं पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक के इस दौर में कला की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। मनोज तिवारी ने काशी को स्वयं में एक “कला कुंभ” बताते हुए इस सफल आयोजन की सराहना की और सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें