उप्र में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में बदलाव की आहट
लखनऊ, 11 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों संगठनात्मक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मुलाकात की। इस दौरान पार्टी संगठन से जुड़े लंबित मामलों और आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।भाजपा सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश संगठन को और मजबूत बनाने, विभिन्न पदों पर बदलाव तथा सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक को आगामी संभावित फेरबदल और राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े रविवार को लखनऊ पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में संगठन के ढांचे, विभिन्न मोर्चों में बदलाव और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गहन मंथन होगा।
पार्टी सूत्रों की मानें तो संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर कई नामों पर चर्चा चल रही है। अंदरखाने बैठकों का दौर तेज है और संभावित बदलावों को लेकर कयास भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद ही होगा।
बताया जा रहा है कि फिलहाल पार्टी आलाकमान पश्चिम बंगाल के राजनीतिक अभियान में व्यस्त है, जिसके चलते उत्तर प्रदेश से जुड़े निर्णयों पर अंतिम मुहर लगने में थोड़ा समय लग सकता है। आलाकमान की स्वीकृति मिलते ही संगठनात्मक बदलाव और मंत्रिमंडल विस्तार की सूची जारी होने की संभावना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक और प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जो आने वाले चुनावी समीकरणों को भी प्रभावित करेंगे।
.jpg)
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें